हमलावरों की पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे गांव बुशान निवासी घायल जय?
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। लघु सचिवालय परिसर के बाहर घायल बुजुर्गों को पिकअप गाड़ी में खाट पर लेटाकर सोमवार को परिजन लघु सचिवालय परिसर में एसपी से मिलने पहुंचे। लघु सचिवालय के बाहर पहुंचे गांव बुसान के ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग दंपती पर 19 जुलाई को घर में घुसकर तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले में गांव बुसान निवासी जयचंद और उनकी भाभी माया को गंभीर चोटें आईं।
बुजुर्ग जयचंद ने बताया कि 19 जुलाई को घर पर ही कुछ लोग आए और उसकी आंखों में मिर्च डाल दी। इसके बाद उस पर लाठी व कुल्हाड़ी से हमला किया। उसका शोर सुनकर उसकी भाभी माया व भतीजा इंद्रजीत पहुंचे। उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। घायलों को तोशाम के निजी अस्पताल ले जाया गया। इस संबंध में बहल पुलिस ने सात नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है। बुजुर्ग के साथ आए परिजनों ने आरोप लगाया कि बहल पुलिस ने अब तक इस मामले में किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया और पुलिस उन्हीं पर समझौते का दबाव बना रही है। उनका आरोप है कि आरोपी गांव में खुलेआम घूम उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। बुजुर्ग व उसके परिवार ने पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में शिकायत सौंपकर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी किए जाने व उनके परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस प्रशासन की तरफ से इस मामले में पीड़ित पक्ष को दो दिन के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन मिला है।