ताेशाम। ईशरवाल में ट्रैक्टर मिस्त्री की दुकान चलाने वाले हसान गांव निवासी एक युवक को पैदल चलते किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में हसान निवासी देवीलाल ने बताया कि उनकी ईशरवाल गांव में ट्रैक्टर मरम्मत की दुकान है। वीरवार को मेरा बड़ा भाई मुकेश रात करीब 11 बजे दुकान बंद करने के बाद गांव हसान पैदल आ रहा था। इस दौरान जब वह रोढ़ा गांव के समीप पहुंचा तो उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उनको घटना की सूचना रात को करीब तीन बजे पता चली तो वे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिसार के पास हादसे में किरढान के युवक की मौत से गांव में छाया मातम
फतेहाबाद। हिसार के हरिकोट व मंगाली के बीच हुए सड़क हादसे में फतेहाबाद के गांव किरढ़ान निवासी 35 राजेश कुमार की मौत हो गई। जिससे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। राजेश कुमार बिजली विभाग में जेई के पद पर कार्यरत थे और करीब 2 साल पहले ही नौकरी पर लगा था। उसकी तैनाती हिसार के विद्युत नगर में थी।
बताया गया है कि वीरवार को राजेश कुमार अपने साथियों के साथ अपने एक दोस्त की शादी में शरीक होकर भिवानी के गांव डिगावा से वापस आ रहा था। मंगाली व हरिकोट के बीच कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में राजेश की मौत हो गई थी। उसकी मौत की सूचना जैसे ही गांव किरढान में पहुंची तो पूरे गांव में मातम पसर गया। राजेश काफी मिलनसार युवक था। ग्रामीणों ने बताया कि राजेश ने पढ़ाई करके अपने दम पर सरकारी नौकरी पाई थी। वह शादीशुदा है और उसके दो बेटियां हैं। जिसमें से छाेटी लड़की की आयु करीब 9 वर्ष है और बड़ी लड़की की आयु 7 वर्ष है। मृतक का अंतिम संस्कार नहीं हुआ परिजन और परिवार के सदस्यों का धीरज बंधवा रहे हैं।