भिवानी। जिले में शनिवार को हुए वैक्सीनेशन अभियान की अगली कड़ी में अब मंगलवार को वैक्सीनेशन होगा। मंगलवार को पिछले अभियान के वंचित 110 कर्मचारियों के अलावा 190 नए चयनित कर्मचारियों को कोरोना रोधी वैक्सीन लगाई जाएगी। पिछली बार की तरह ही तीन सेंटरों पर 100-100 कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने इसे अनुमति दे दी है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय अधिकारी तैयारियों में जुटे है।
स्वास्थ्य विभाग ने बीते शनिवार से छोटी काशी के लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए कोविशिल्ड टीकाकरण अभियान शुरू किया है। शनिवार को प्रथम चरण में चयनित 300 कर्मचारियों में से 190 को वैक्सीन लगाई गई। कर्मचारियों में झिझक भी दिखी। जिसके प्रति अधिकारियों ने उन्हें जागरूक किया। अब अभियान को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को फिर से वैक्सीनेशन होगा। जिला सामान्य अस्पताल के वार रूम, हांसी गेट स्थित केएम स्कूल और लोहारू सीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन को स्वास्थ्य महानिदेशालय से अनुमति मिल गई है। मंगलवार को होने वाली वैक्सीनेशन में पिछली बार हुई वैक्सीन से वंचित 110 स्वास्थ्यकर्मियों और 190 नए स्वास्थ्यकर्मियों को टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। सोमवार सुबह स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों की बैठक के बाद इसे पर अंतिम मुहर लग जाएगी।
वैक्सीनेशन हुई स्वास्थ्यकर्मियों से ले रहे फॉलोअप
शनिवार को 190 कर्मचारियों को टीकाकारण के बाद 30 मिनट तक ऑब्जर्वेशन रूम में चिकित्सक की निगरानी में रखा गया था। अब स्वास्थ्यकर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन उनका फोन पर फॉलोअप ले रहा है। इसके लिए वॉर रूम में अलग से कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। वह स्वास्थ्यकर्मियों से फोन कर उनका हाल जान रहा है। अभी तक सभी की हालत सामान्य है।
आगे का शेड्यूल भी किया जा रहा तैयार
वैक्सीनेशन अभियान को गति देने के लिए अधिकारी आगामी योजना पर भी विचार-विमर्श कर रहे है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग वैक्सीनेशन का सप्ताह में दो दिन करने की तैयारी कर रहे है। शनिवार के बाद अब मंगलवार को दोबारा वैक्सीनेशन करवाया जाएगा। इसके लिए अब सप्ताह में दो दिन वैक्सीनेशन के साथ-साथ केंद्रों की संख्या में भी बढोतरी की जा सकती है। इसके लिए जल्दी ही निर्णय लिया जाएगा।
वर्जन-
वैक्सीनेशन किए गए स्वास्थ्य कर्मियों का स्वास्थ्य सामान्य है। समय-समय पर उनके स्वास्थ्य का फॉलोअप लिया जा रहा है। जिले में मंगलवार को फिर से वैक्सीनेशन की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य महानिदेशालय से अनुमति मिल गई है। वैक्सीनेशन जिला सामान्य अस्पताल, केएम स्कूल और सीएचसी लोहारू में किया जाएगा। इसमें जो पिछली वैक्सीनेशन में वंचित रहे 110 स्वास्थ्यकर्मी और 190 नए स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
- आशीष सांगवान, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।
जिले में कोरोना की वैक्सीनेशन शुरू कर दी गई है। जिसके तहत सर्वप्रथम स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। नागरिकों से अपील है कि कोरोना की वैक्सीन के लिए सूचना मिलने पर संबंधित वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन लगवाए। किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। वैक्सीन के कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं है।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन।