भिवानी। शहर के जिला नागरिक अस्पताल में यूरिन इंफेक्शन (पेशाब में संक्रमण) के मरीजों में इजाफा हो रहा है। सर्दी में पानी कम पीने की वजह से लोग इस संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। ओपीडी में हजारों मरीज प्रतिदिन जांच करवाने आते हैं। इसमें से रोजाना औसतन 90 मरीज यूरिन संक्रमण व पत्थरी दर्द से ग्रस्त हैं।
यूरिन इंफेक्शन पूरा यूरिन सिस्टम को प्रभावित करता है। संक्रमण किडनी (गुर्दे), मूत्रवाहिनी, मूत्राशय व मूत्र मार्ग को संक्रमित करता है। नागरिक अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों की मानें तो सर्दी में लोग पानी कम पी रहे हैं। इस कारण मरीजों को पेशाब आना बंद हो जाता है। इसकी वजह से गुर्दे में स्टोन (पत्थरी) बनने की संभावना बढ़ जाती है।
ये स्टोन फिर यूरिन इंफेक्शन बना देती है। इसकी वजह से पेशाब करते समय मरीजों को जलन या दर्द होना शुरू हो जाता है। ऐसे में चिकित्सक भी मरीजों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। जिससे मूत्र मार्ग में किसी प्रकार की बाधा नहीं हो।
यूरिन संक्रमण के लक्षण :
पेशाब करते समय जलन।
पेट के निचले हिस्से में दर्द।
कमर दर्द।
बदबूदार पेशाब आना।
ठंड लगना।
बुखार आना।
संक्रमण होने के कारण :
पानी कम पीना।
पेशाब रोक कर रखना।
कमजोर इम्युन सिस्टम।
सर्जरी या लंबे समय तक बिस्तर पर आराम करना।
सर्दी में पानी कम पीने की वजह से लोगों में यूरिन संक्रमण बढ़ जाता है। इसलिए मरीजों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। इससे शरीर में पानी की कमी को पूरा किया जा सकें और संक्रमण से बचा जा सकें।
- डॉ. यतिन गुप्ता, फिजिशियन, जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।