लोहारू। उपमंडल के गांव बड़दु धीरजा में मंगलवार को खंभा लगाने को लेकर कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। विवाद में चाचा-भतीजा घायल हो गए। लोहारू थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गांव के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में विकास निवासी बड़दु धीरजा ने बताया कि वह हिसार में परीक्षा की तैयारी कर रहा है और इन दिनों घर आया हुआ था। उसने बताया कि गांव के ही चार लोग एक विवादित जमीन पर खंभा लगा रहे थे। जब उसके चाचा रामफल ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते हाथापाई कर दी। विकास के अनुसार चारों ने उस पर और उसके चाचा पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। लेकिन तब तक विकास और उसके चाचा रामफल घायल हो चुके थे। दोनों को तुरंत लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भिवानी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने विकास के बयान के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।