लोहारू। भिवानी रोड स्थित महिला कॉलेज के पास बुधवार शाम गलत दिशा से आई पिकअप की टक्कर में बाइक सवार शुभम निवासी पुराना लोहारू शहर और राकेश निवासी भिवानी लोहारू रोड गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भाग गया।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार लोहारू की तरफ से भिवानी रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से भिवानी की ओर से लोहारू की तरफ आ रही पिकअप गाड़ी ने गलत दिशा से आते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवकों को तुरंत लोहारू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही लोहारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी हुई है।