संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी/जूई/तोशाम। तोशाम विधानसभा क्षेत्र के दो गांवों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 761 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने गांव आजाद नगर में 388 लाख और नांगल में 373 लाख रुपये की लागत से बनने वाले जलघरों की आधारशिला रखी।
इनके निर्माण से दोनों गांवों सहित आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की बेहतर आपूर्ति मिल सकेगी।इस दौरान ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, बिजली और सिंचाई जैसी सुविधाएं मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
दोनों जलघरों के निर्माण से ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल मिलेगा। इसके अलावा करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से गांवों की सभी नहरों और रजवाहों का नवीनीकरण करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अमर सिंह हालवास, पूर्व चेयरमैन शीशराम, भाजपा नेता कृष्ण लेघा, प्रदीप गोलागढ़, सत्यनारायण सरपंच, आजाद नगर के सरपंच सतपाल सिंह और खेरपुरा के सरपंच अजीत सिंह मौजूद रहे।
बॉक्स
परियोजनाओं से सुधरेगी पेयजल व्यवस्था
आजाद नगर में 388 लाख और नांगल में 373 लाख रुपये की लागत से जलघरों का निर्माण होगा। इन परियोजनाओं में भविष्य की पेयजल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पानी की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।