खेत में बने टैंक के 17 फुट गहरे पानी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई।
भिवानी (तोशाम)। गांव निगाना खुर्द से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक किसान के खेत में बने टैंक के 17 फुट गहरे पानी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। सात घंटे के बाद दोनों के शव मिले। दोनों ही 13 वर्षीय और नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। तोशाम पुलिस ने मंगलवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया वहीं मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की।
गांव निगाना खुर्द निवासी शुभम और हेमंत सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर से खेलने के लिए निकले थे। ये दोनों खेलने के बाद बुडान निवासी प्रदीप के खेत में बने 22 फुट गहरे टैंक में नहाने के लिए चले गए। इस टैंक में करीब 17 फुट पानी भरा हुआ था। दोनों ही किशोर तैरना नहीं जानते थे और एक दूसरे को बचाने के चक्कर में डूब गए। परिजनों ने शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर दोनों की तलाश शुरू की। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। गांव के अन्य बच्चों से बात करने पर पता चला कि वे खेलने के बाद नहाने की योजना बना रहे थे। इसके बाद परिजन देर रात को प्रदीप के खेत में बने टैंक पर पहुंचे। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी। तोशाम पुलिस की मौजूदगी में दोनों बच्चों के शवों को देर रात करीब 11 बजे टैंक से बाहर निकलवाया। वहीं सोमवार रात साढ़े 12 बजे पुलिस दोनों शवों को लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंची। इनका मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया।
हेमंत दो बहनों में था इकलौता भाई, शुभम दो भाइयों में था बड़ा
खेत में बने टैंक में डूबने वाले दोनों ही किशोर आपस में दोस्त थे। हेमंत दो बहनों में इकलौता भाई था, इस हादसे में दो बहनों ने इकलौता भाई खो दिया। वहीं मृतक शुभम दो भाइयों में बड़ा था। शुभम और हेमंत के पिता गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करते हैं। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। नहाने के चक्कर में गहरे टैंक के पानी में डूबने से एक ही झटके में दो मासूमों ने अपनी जिंदगी से हाथ धो दिया।
मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई करने और पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।
- एएसआई संजय, जांच अधिकारी तोशाम पुलिस थाना।
खेत में बने टैंक के 17 फुट गहरे पानी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई।