गांव कैरू में बुजुर्ग की हत्या मामले में मृतक के परिजनों से पूछताछ करते हुए चौकी इंचार्ज मनीष वा?
- फोटो : Bhiwani
कैरू (भिवानी)। बुजुर्ग राजू हत्याकांड के एक आरोपी को पुलिस ने वारदात के 10 घंटे के भीतर ही काबू कर लिया। वहीं हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हो गया। हत्याकांड का एक आरोपी पुलिस के हाथ लगने के बाद खुलासा हुआ कि आरोपी और बुजुर्ग साथ बैठकर शराब पीते थे। राजू ने आरोपी से 1500 रुपये उधार लिए थे, जिसे नहीं लौटा पाने की वजह से ही उसकी चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में दो लोग शामिल थे, दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं बुधवार सुबह नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। राजू के भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया।
मंगलवार शाम को माता चौक क्षेत्रवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग राजू का शव खून से लथपथ हालत में घर के आंगन में पड़ा था। ग्रामीणों ने शव को पहले पुलिस को देने से इनकार कर दिया था, लेकिन देर रात एक बजे पुलिस शव लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची। वहीं देर रात तक पुलिस की हत्याकांड को लेकर छानबीन जारी रही। रात को ही डॉग स्क्वाड टीम ने भी करीब दो घंटे तक मौके का मुआयना किया था। इस दौरान पुलिस को राजू का गला रेतने में इस्तेमाल चाकू बुजुर्ग के घर के शौचालय से बरामद कर लिया। कैरू पुलिस ने बुधवार सुबह हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को खेत में बने कमरे से काबू किया। जिसकी पहचान कैरू निवासी मोहन के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में मोहन ने हत्या की वारदात कुबूली और इस हत्याकांड में दूसरा आरोपी गांव जमालपुर निवासी सुंदर भी शामिल बताया। सुंदर कैरू में अपनी बहन के पास कई सालों से यहां रह रहा है। ये दोनों ही बुजुर्ग राजू के पास बैठकर शराब पीते थे। पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी मोहन ने राजू की हत्या से तीन दिन पहले उसे 1500 रुपये उधार दिए थे। मंगलवार शाम को मोहन व सुंदर उधार दिए रुपये वापस लेने आए थे। इस पर राजू ने उसके पास पैसे नहीं होने की बात कही तो उन्हें गुस्सा आ गया और चाकू से उसका गला रेत डाला। बुजुर्ग ने घर के आंगन में ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद दोनों मौके से भाग गए।
पेंशन के सहारे ही करता था गुजारा
कैरू निवासी 65 वर्षीय राजू की तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी थी। उसकी कैंसर पीड़ित पत्नी की लगभग तीन साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद वह घर पर अकेला ही रहता था। राजू बुढ़ापा पेंशन के सहारे ही अपना गुजर बसर करता था।
भतीजे की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का केस
कैरू पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष वालिया ने बताया कि बुधवार सुबह शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। मृतक राजू के भतीजे वीरपाल चौकीदार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हत्या मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।