भिवानी। शहर की फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार दो दिनों तक नगर परिषद ने भारी पुलिस बल के साथ बाजारों में अभियान चलाया। दो दिन चले अभियान के बावजूद टीम के जाते ही दो घंटों के अंदर फिर से अतिक्रमणकारी फुटपाथ पर काबिज हो गए। नगर परिषद के अतिक्रमण हटाने के अभियान के सकारात्मक नतीजे मिलना तो दूर, पहले की तरह फुटपाथ पर पैदल चलने वालों के लिए रास्ता भी नहीं मिला।
भिवानी जिला प्रशासन ने शहर की फुटपाथों व अतिक्रमण को तोड़ने का अभियान चलाया था। इसके लिए नगर परिषद अधिकारियों की स्पेशल ड्यूटी लगाकर उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए बाजार वाइज रूट भी निर्धारित किया गया। निर्धारित शेड्यूल व रूट के हिसाब से नप के दस्ते ने पुलिस बल के साथ हांसी गेट, नया बाजार, सराय चौपटा, घंटाघर क्षेत्र में अतिक्रमण भी हटाया और दुकानदारों का सामान भी जब्त किया। मगर इसके बावजूद भी दुकानदार फुटपाथ को खाली करने के लिए राजी नहीं हुए। नप टीम के आगे बढ़ने के कुछ अंतराल बाद ही फिर से फुटपाथ पर अतिक्रमणकारी काबिज हो गए।
फुटपाथ पर ही सजी हैं कपड़ों की स्टॉल
नेहरू पार्क के आसपास और हांसी गेट बागड़ी मार्केट के सामने फुटपाथ पर ही कपड़ों की अवैध मार्केट सजी है। यहां कपड़ों की स्टॉल लगा न केवल पूरी फुटपाथ को घेरा हुआ है, बल्कि सरकुलर रोड पर वाहन चालकों को रास्ता दिखाने के लिए बीएंडआर विभाग द्वारा लगाए गए दिशासूचक और संकेतक को भी कपड़ों का हैंगर बना लिया है।
हांसी गेट पर भी फुटपाथ पर बन गई अवैध फल मार्केट
हांसी गेट से पटेल नगर की तरफ जाने वाले मार्ग के नुक्कड़ पर भगवान शिव मंदिर के आगे अवैध रूप से फल मार्केट सज गई है। ये मंदिर तो जिला प्रशासन ने अपने संरक्षण में ले लिया हैं, मगर इसके आगे की फुटपाथ शायद अब भी अतिक्रमणकारियों की जद में है। ट्रैफिक व वाहन पार्किंग लिहाज के नजरिये से भी ये इलाका बेहद अहम हैं, मगर इसके बावजूद यहां से अवैध फल मार्केट को हटाने का कोई प्रयास तक नहीं हुआ है।
नया बाजार की फुटपाथ पर बना डाले स्थायी फूल बिक्री के खोखे
हांसी गेट से नया बाजार मार्ग व नया बाजार के बिजली शिकायत केंद्र के आसपास भी फुटपाथ पर अवैध रूप से फूल बिक्री के लिए खोखे लगा दिए हैं। ये खोखे इतने शानदार हैं कि यहां सांझ ढलते ही लाइट भी जगमगाती है। मगर इन्हें यहां से हटाना तो दूर अतिक्रमण दस्ते ने इनकी तरफ देखा तक नहीं। जबकि नया बाजार की अधिकतर फुटपाथ स्थायी कब्जों का शिकार हो चुकी हैं।
दुकानों के आगे भी हद हो रहीं पार
घंटाघर से सराय चौपटा और बिचला बाजार किरोड़ीमल मंदिर क्षेत्र तक सड़क के दोनों तरफ पीली पट्टी का दायरा बनाया हुआ है। जिसके बाहर कोई भी दुकानदार अपना सामान नहीं रख सकता है। लेकिन इसके बावजूद भी दुकानदार अपना सामान इस हद से पार रख रहे हैं। जिसकी वजह से यहां आने वाले वाहनों की पार्किंग भी सड़क पर होने लगी है। 60 फुट चौड़ी सड़क महज 15 से 20 फुट बची है।
शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार-रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को फिर से अभियान चलाया जाएगा। जहां पहले अतिक्रमण हटाया था, वहां भी टीम जाएगी। अगर किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया है तो उसका सामान जब्त करने के अलावा चालान भी किया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों की अलग से ड्यूटी लगाने की भी योजना है।
-अंकुश पराशर, सचिव, नगर परिषद
सराय चौपटा से नया बाजार को जाने वाले मार्ग पर दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर सजाया गया बाजार।- फोटो : Bhiwani
नया बाजार से सराय चौपटा बाजार की और जाने वाले मार्ग पर दुकानदारों द्वारा नाले के ऊपर कब्जा कर रखा ?- फोटो : Bhiwani