भिवानी। शहर के बैंक कॉलोनी और सिवानी क्षेत्र में कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। दोनों मरीजों की रैपिड एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। इनमें से एक मरीज रोहतक में कार्यरत है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की देखभाल के लिए कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन औसतन 1200 मरीज इलाज करवाने के लिए अस्पताल में आते हैं। ऐसे में सामुदायिक दूरी के वहां प्रबंध नहीं हैं। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों व कर्मचारियों को मास्क लगाने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज में जांच करवाने के लिए आने वाले मरीज व तीमारदार बिना मास्क के घूम रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले में 35 फ्लू कार्नर बनाए गए हैं, लेकिन गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है।
वहीं, नागरिक अस्पताल में बनाए आइसोलेशन वार्ड में 39 बेड की व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि प्रदेश में कोरोना के नए वेरिएंट के मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद दो व्यक्तियों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। एहतियात के तौर पर प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आइसोलेशन बेड रिजर्व कर दिए गए हैं। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर फ्लू कॉर्नर स्थापित कर लोगों की जांच की जा रही है। लोगों से अपील है कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और मास्क पहनें।