भिवानी। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए निर्माणाधीन राजमार्गों और जाम वाले क्षेत्रों में यातायात का मार्ग बदलने की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात को व्यवस्थित तरीके से दूसरे मार्गों पर भेजा जाए ताकि आमजन को परेशानी न हो और हादसों की आशंका कम हो। निर्देशों की अनुपालना में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों को तुरंत हटाया जाए ताकि वाहन चालकों को रास्ता साफ दिखाई दे। सभी मुख्य सड़कों, संपर्क मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सफेद पट्टियां लगाई जाएं। साथ ही आवश्यक स्थानों पर संकेतक भी स्थापित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन राजमार्गों और जाम प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा नियमों के अनुसार यातायात का मार्ग बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, डीएसपी अनूप कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के डीएम राकेश चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भारी मालवाहक वाहनों पर परावर्तक पट्टियां लगवाएं
एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी मालवाहक वाहनों पर परावर्तक पट्टियां जरूर लगवाई जाएं ताकि रात और धुंध के दौरान वाहन दूर से दिखाई दे सकें। इसके लिए वाहन चालकों को भी जागरूक किया जाए। उन्होंने तोशाम के खानक में विशेष अभियान चलाकर मालवाहक वाहनों पर परावर्तक पट्टियां लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों के किनारे सड़क के कच्चे किनारों को दुरुस्त रखने को कहा ताकि वाहन के अचानक सड़क से नीचे उतरने पर हादसे का खतरा कम हो।
भूमिगत मार्गों पर लगाए जाएं उत्तल दर्पण
एडीसी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों के भूमिगत मार्गों पर उचित स्थानों पर उत्तल दर्पण लगाने के निर्देश दिए। इससे वाहन चालकों को बगल से आने वाले वाहन दिखाई देंगे और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। उन्होंने यह काम तुरंत पूरा करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।