शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान में रेहड़ियों को लेकर जाते ट्रैफिक पुलिस।
भिवानी। ट्रैफिक पुलिस ने वीरवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक एसएचओ ने सड़क पर मिले सामान, बोर्ड व रेहड़ियों को जब्त किया। साथ ही सख्त लहजे में हिदायत दी कि दुकानदार अतिक्रमण ना करें, अन्यथा एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
ट्रैफिक एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देश दिए गए थे कि शहर व जिले में किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था ना बिगड़े, जाम की स्थिति ना बने और ट्रैफिक में किसी भी व्यक्ति को आवागमन में दिक्कत ना हो। इसके लिए शहर के बाजारों से अतिक्रमण हटाया जाए। वीरवार को हांसी गेट से वैश्य कॉलेज तक अतिक्रमण हटाया। इस दौरान दुकानों के सामने जो बोर्ड लगे हुए थे और जो सामान रखा हुआ था, उन दुकानदारों को समझाया और सामान व बोर्डों को हटाया।
ट्रैफिक एसएचओ ने कहा कि कानून-व्यवस्था किसी भी प्रकार से किसी भी व्यक्ति को खराब नहीं करने देंगे। साथ ही, जाम की स्थिति भी पैदा नहीं होने देंगे। जिन रेहड़ी संचालकों द्वारा रेहड़ी बीच में खड़ी कर जाम लगाया हुआ था, उन रहेड़ी को भी जब्त किया है। दुकानदार बार-बार समझाने के बाद भी नहीं मानते तो उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी।