शहर के सर्कुलर रोड पर लगा वाहनों का जाम
भिवानी। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ी भीड़ और नो एंट्री के कारण सर्कुलर रोड पर जाम के हालात बन रहे हैं। हांसी गेट से घंटाघर तक दिनभर वाहन रेंगते रहते हैं और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन परेशानी बढ़ा रहे हैं।
इस मार्ग पर कई फास्ट फूड और जूस की दुकानें हैं जहां लोग वाहन सड़क पर खड़ा कर अंदर चले जाते हैं। इसके अलावा करीब आधा दर्जन बैंक और मुख्य डाकघर होने से यहां दिनभर लोगों का आवागमन रहता है। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर ही वाहन खड़े किए जा रहे हैं। प्रशासन ने सड़क पर पीली पट्टी खींच रखी है लेकिन इसका उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले वाहन उठाने वाली गाड़ी नियमित गश्त करती थी जिससे लोग सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचते थे। अब ऐसे वाहन चालकों को रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। पुलिस चौक-चौराहों पर जांच और चालान काटने में व्यस्त रहती है जबकि सड़क पर घंटों खड़े वाहनों को हटाने और जाम खुलवाने के प्रयास कम दिखाई देते हैं। दीपावली पर भीड़ बढ़ने से हालात और बिगड़ने की आशंका है।
लोग निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करें : सुनील कुमार
जिला यातायात पुलिस थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाजारों में नो एंट्री के कारण सर्कुलर रोड पर वाहनों की संख्या बढ़ रही है। पुलिस का प्रयास है कि लोग निर्धारित खाली स्थानों पर ही वाहन खड़े करें। यातायात कर्मचारी भी मौके पर लोगों को निर्देश दे रहे हैं। इसके बावजूद सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।