सीबीएलयू में आयोजित कवि सम्मेलन में मौजूद कवि।
भिवानी। हमारी निराली संस्कृति ही हमें विश्व में अलग पहचान दिलाती है। यह बात चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सात दिवसीय विरासत कला उत्सव के समापन समारोह में कही।
कुलगुरु ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और कार्यों से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को जीवन में उतारना चाहिए। राष्ट्र की एकता सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक में देश के प्रति समर्पण की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर राज्य की संस्कृति अपनी अलग छटा बिखेरते हुए विविधता में एकता का संदेश देती है। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय उत्सव में विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति और विधाओं की झलक देखने को मिली। युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार में योगदान देना चाहिए।
उत्सव के छठे दिन युवा कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें अनामिका वालिया, दिनेश शर्मा (दिनेश), वीएम बेचैन, दलबीर फूल और प्रवीण उन्मेश ने अपनी रचनाओं से युवाओं में देशभक्ति और संस्कृति का जोश भरा। कवियों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व और राष्ट्र की एकता में उनके योगदान पर भी कविताएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी की अध्यक्षता और कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा व एनसीजेडसीसी प्रयागराज के निदेशक सुदेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक ने संयोजन किया। हरियाणा कला परिषद के कोऑर्डिनेटर रविंद्र श्योराण और एनसीजेडसीसी प्रयागराज के कोऑर्डिनेटर मंथन विशेष रूप से मौजूद रहे।