सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर।
बवानीखेड़ा। भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर गांव जाटूलुहारी के पास वीरवार रात करीब सवा एक बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर पलट गया जिससे मिलकपुर निवासी 32 वर्षीय भूपेंद्र की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव मिलकपुर निवासी लोग देवसर स्थित माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद ट्रैक्टर-ट्राॅली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने पीछे से ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्राॅली का हुक टूट गया और ट्रैक्टर पलट गया जिससे भूपेंद्र उसके नीचे दब गया।
परिजन उसे तुरंत बवानीखेड़ा के नागरिक अस्पताल ले गए जहां हालत गंभीर होने पर उसे भिवानी के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। जांच अधिकारी संदीप मलिक ने बताया कि मिलकपुर निवासी नरेश कुमार ने लिखित शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार वह मृतक भूपेंद्र का ट्रैक्टर चलाता है और उस पर चालक के रूप में कार्यरत है।
हादसे के समय नरेश कुमार ट्रैक्टर चला रहा था जबकि भूपेंद्र उसके साथ बैठा था और अन्य परिवार के सदस्य ट्राॅली में सोए हुए थे। जैसे ही वे भिवानी-हांसी मार्ग पर गांव जाटूलुहारी के पास पहुंचे पीछे से अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे हादसा हो गया। पुलिस ने नरेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।