तोशाम। बारिश के मौसम में अनेक स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी तोशाम-भिवानी सड़क का नवीनीकरण 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी और राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी की पहल से इस मार्ग की मरम्मत का निर्णय लिया गया है।
योजना के तहत भिवानी से बापोड़ा तक सड़क की मौजूदा सात मीटर चौड़ाई को बढ़ाकर दस मीटर की जाएगी जबकि बापोड़ा से तोशाम तक संपूर्ण मार्ग का नवीनीकरण किया जाएगा। बापोड़ा तक छोटे वाहनों की अधिकता और मार्ग की व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए इस हिस्से को तीन मीटर चौड़ा किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी व किरण चौधरी के प्रतिनिधि एडवोकेट हरि सिंह सांगवान ने बताया कि बारिश के समय कई स्थानों पर मार्ग किनारों से धंस गया था जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ था इसे देखते हुए शीघ्र कार्यवाही आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि नवीनीकरण से मार्ग सुरक्षित व सुगम रहेगा।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश ने बताया कि जहां सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है वहां नया रोड बनाया जाएगा जबकि बाकी हिस्सों पर तारकोल की परत डालकर मार्ग को मजबूत किया जाएगा। नवीनीकरण के पूरा होने के बाद तोशाम-भिवानी मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से प्रवाहित होगा और आवागमन में सुविधा तथा सुरक्षा बढ़ेगी।