भिवानी। फेस्टिवल सीजन शुरू हो चुका है। कोरोना वायरस के खतरे के बावजूद लोगों की भीड़ बाजार में उमड़ रही है। ऐसे में शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर जाम लगने लगा है। ट्रैफिक पुलिस ने भी जाम रोकने का नया फार्मूला अपनाया है। वीरवार को सभी मुख्य स्थानों, चौक-चौराहों पर लगी फल-सब्जियों, फास्ट फूड व अन्य की रेहड़ियों को हटवाया गया। इतना ही नहीं शहर के चार मुख्य चौकों पर अब दो शिफ्टों में ट्रैफिक पुलिस के जवान नजर आएंगे। सुबह आठ से तीन और दोपहर बाद तीन से रात 10 बजे मुख्य चौक जवान तैनात रहेंगे।
फेस्टिवल सीजन में शहर के मुख्य चौक रोहतक गेट चौक, महम गेट, हांसी गेट, घंटाघर चौक पर हर समय जाम के हालात रहते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने एसएचओ इंस्पेक्टर हरिओम के नेतृत्व में सबसे पहले शहर के फैंसी चौक, रोहतक गेट चौक, अनाजमंडी ओवरब्रिज के पास, दादरी गेट क्षेत्र से सड़क तक लगी रेहड़ियों को हटवाया। इसके अलावा शहर के मुख्य चौकों पर रात तक जाम न लगेे इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान सुबह आठ से रात्रि 10 बजे तक ड्यूटी करेंगे। ड्यूटी दो शिफ्टों में होगी। सुबह आठ से दोपहर बाद तीन बजे तक और इसके बाद दूसरी शिफ्ट में तीन से रात्रि 10 बजे तक।
कर्मचारियों की कमी, फिर भी व्यवस्था बनाने का प्रयास
ट्रैफिक पुलिस के पास जवानों की कमी है। ट्रैफिक पुलिस के पास फिलहाल 16 पुलिस कर्मी, 20 एसपीओ, 47 होमगार्ड के जवान है। यानी कुल 83 लोग ही ट्रैफिक व्यवस्था में जुटे हैं।
तोशाम बाईपास का खोजते रहे विकल्प, नहीं मिला
तोशाम बाईपास पर डबल फाटक ओवरब्रिज निर्माण का काम शुरू हो गया है। ऐसे में यह मार्ग बंद हैं। भारी वाहन अब खरकड़ी रेलवे फाटक फ्रेंड्स कॉलोनी से जा रहे हैं। इस पर स्थानीय लोगों को आपत्ति है। लोगों की आपत्ति पर बुधवार को एसडीएम महेश कुमार, ट्रैफिक एसएचओ हरिओम ने निरीक्षण किया था और समस्या जायज पाते हुए भारी वाहनों के लिए अलग से रूट मैप तैयार करने की बात कही थी। इसके तहत वीरवार को ठेकेदार और एसएचओ ट्रैफिक इंस्पेक्टर हरिओम ने शहर का निरीक्षण किया। पहले बीटीएम चौक होते हुए वैश्य कॉलेज के सामने से वाहन निकालने का विचार आया। मगर यहां चौक के पास से भारी वाहनों का मुड़ना संभव नहीं है और इसे रिजेक्ट कर दिया गया। अन्य कोई मार्ग है नहीं। इस कारण वीरवार को कोई विकल्प नहीं तलाशा जा सका।
फेस्टिवल सीजन में जाम न लगे इसके लिए शहर के चार चौक हांसी गेट, घंटाघर चौक, महम गेट और रोहतक गेट पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी दो शिफ्टों सुबह आठ से दोपहर बाद तीन बजे तक और तीन बजे से रात 10 बजे तक ड्यूटी देंगे। मुख्य मार्गों पर सड़क तक लगने वाली रेहड़ियों को हटवाकर पीछे करवाया है। - इंस्पेक्टर हरिओम, एसएचओ ट्रैफिक थाना पुलिस