भिवानी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बेघर, कच्चे, जर्जर मकानों में रहे परिवारों को पक्के मकान का सपना साकार करने के लिए वंचित परिवारों के लिए सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। सर्वे के लिए अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है।
डीसी महावीर कौशिक ने पात्र नागरिकों का आह्वान किया है कि वे अपने कच्चे मकान का सर्वे करा कर इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। डीआरडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय चोपड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण भारत सरकार की ओर से संचालित एक विस्तृत ग्रामीण आवासीय योजना है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बेघर जीर्ण शीर्ण एवं कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों को नए आवास निर्माण के लिए 1.38 लाख की सहायता प्रदान की जाती है।
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत कच्चे मकानों में रहे परिवारों को पक्के मकान का सपना साकार करने के लिए सरकार की ओर से पूर्व में वंचित परिवारों के लिए सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। पात्र परिवार अपना सर्वे विभाग द्वारा पंजीकृत सर्वेयर अथवा सेल्फ सर्वे (स्वयं भी) कर सकता है। पात्र परिवार अपने ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, ग्राम सचिव और संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय से संपर्क करके आवास प्लस एप पर अपना सर्वे करवा सकते हैं।