भिवानी। शहर के सर्कुलर रोड स्थित दादरी गेट पर श्रीश्याम ज्वैलर्स की दुकान में रविवार रात चार चोरों ने सेंध लगाकर करीब 20 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई।
चोर दुकान के आगे गाड़ी खड़ी कर शटर तोड़ते रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसी दुकानदार ने आभूषण व्यापारी विशाल कोकड़ा को फोन कर शटर टूटे होने की सूचना दी।
मौके पर पहुंचे विशाल ने देखा कि एक शटर का ताला टूटा था जबकि दूसरा शटर किनारे से उखाड़ा गया था। चोरों ने अंदर लगे शीशे के दरवाजे को भी तोड़ दिया और दुकान में रखे शीशे के काउंटर को खंगालकर आभूषण चोरी कर लिए।
विशाल कोकड़ा ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरी हुए चांदी के आभूषणों की कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये है। उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी जिसके बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कोकड़ा ने बताया कि पांच दिन पहले ही वे आभूषणों का न्या स्टॉक लेकर आए थे। थाना प्रभारी जरनैल सिंह और जैन पुलिस चौकी की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
शहर थाने के जांच अधिकारी जरनैल सिंह ने बताया कि विशाल कोकड़ा की शिकायत पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात दादरी गेट चौक से कुछ कदम की दूरी पर हुई है जहां आम तौर पर पुलिस तैनात रहती है।