दुकान में चौरी के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ।
भिवानी। दादरी गेट चौक स्थित एक किराना की दुकान में मंगलवार रात को तीसरी मंजिल की खिड़की तोड़कर चोर अंदर घुसे और गल्ले से एक लाख 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे दुकानदार जब दुकान पर पहुंचा तो गल्ले से नकदी गायब मिली। मामले की सूचना डायल 112 पर दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
दादरी गेट क्षेत्र के किराना दुकानदार गौरव ने बताया कि मंगलवार देर शाम को उसकी एक लाख 55 हजार रुपये की पेमेंट आई थी। उसकी दुकान के बाहर तीन युवक झगड़ा कर रहे थे और धुंध भी घनी हो गई थी। इसलिए रात को अपने साथ पैसे घर ले जाना मुनासिब नहीं समझा और उसने राशि गल्ले के अंदर रख दी। बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे उसने दुकान के शटर पर लगे ताले खोले और ग्राहक को सामान देने के बाद जब पैसे रखने के लिए गल्ला खोला तो उसके अंदर एक लाख 55 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। उसने ऊपर पहुंचकर देखा तो तीसरी मंजिल के खिड़की भी टूटी हुई थी। यहीं से चोर अंदर घुसे और गल्ले से नकदी चोरी कर ले गए।
गौरव ने बताया कि उसकी दुकान में तीन लड़के काम करते हैं, दो सुबह आ गए जबकि एक लड़का शाम को आता है। उसे दुकान में काम करने वाले एक युवक पर भी नकदी चोरी का शक है। फिलहाल उसने मामले की शिकायत औद्योगिक पुलिस थाना में दी है। इसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना कर इस संबंध में तहकीकात शुरू कर दी है। संवाद