फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: आज होगी बाजार में धन वर्षा, धनतेरस पर गुलजार हुए बाजार

Mon, 28 Oct 2024 10:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। त्योहारों पर बाजारों की रौनक देखने लायक है। मंगलवार को शहर के बाजारों में अच्छी खासी भीड़ देखी गई। वहीं हांसी गेट से घंटाघर क्षेत्र में दिनभर वाहनों का भी जाम लगा। मंगलवार को धनतेरस पर बाजारों में धन की वर्षा होगी, इस दिन ऑटो मोबाइल, इलेक्ट्रोनिक्स, कपड़ा, बर्तन और सर्राफा बाजार में करोड़ों का कारोबार होने के आसार बने हैं।
विज्ञापन

धनतेरस पर शहर के सभी बाजार सज चुके हैं। वहीं सुरक्षा को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। बाजारों में निगरानी के लिए दूरबीन से कर्मचारी मचान पर कमान संभाले हैं वे बाजार में संदिग्ध गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखें हुए हैं। वहीं विभिन्न व्यापारिक संगठनों का कहना है कि इस बार लोगों में खरीदारी के प्रति क्रेज दिखाई दे रहा है।
भिवानी में धनतेरस पर शहर के सराफा बाजार, बर्तन बाजार में काफी भीड़ जुटेगी। इसके अलावा कपड़ा मार्केट, इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीद के लिए भी किरोड़ीमल मंदिर, बिचला बाजार, घंटाघर, सराय चौपटा बाजार में लोग जुटेंगे। इसी तरह शहर के माल शोरूम पर भी खरीदारों की भीड़ अभी से बनी है। इस बार बाजार में काफी नए उत्पाद भी आए हैं, जिनकी खरीदारी के प्रति भी लोग अपनी रुचि और रुझान दिखा रहे हैं।
विज्ञापन

शहर की फुटपाथ पर भी सजावटी सामान सज चुका है। मिट्टी के बर्तनों की बिक्री के साथ-साथ घर की साज सज्जा का काफी सामान बाजार में बिक रहा है। बाजार में महंगाई का असर भी है। ऐसे में कई वस्तुओं के दाम इतने अधिक है कि लोग चाहकर भी उन्हें खरीद नहीं पा रहे हैं। हालांकि इस बार भी पटाखा बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी है, इसलिए बाजारों में अलग से पटाखा की स्टॉलें नहीं लगेंगी।

जाम में दिनभर फंसे रहे वाहन, रेंगता रहा ट्रैफिक
दिनभर बाजारों में भीड़ जुटने की वजह से वाहनों की जाम की स्थिति बनी। शहर के हांसी गेट से घंटाघर, दिनोद गेट से घंटाघर की तरफ आने वाले वाहन जाम में फंसे रहे। इसी तरह महम गेट से अग्रसेन चौक क्षेत्र तक भी वाहनों का जाम लगा। ट्रैफिक कर्मचारी जाम को सुझलाने के बजाय चौराहे पर खड़े होकर दुपहिया वाहनों के चालान काटने में ही मस्त रहे। कई लोगों ने सरकुलर रोड पर पीली पट्टी के बाहर अपने वाहन खड़े कर दिए। इसकी वजह से वाहनों को आवागमन का रास्ता ही नहीं बचा। ऐसे में दिनभर लोग जाम में फंसकर इस स्थिति से जुझते रहे। पुलिस की क्रेन ने सड़क पर खड़े कई वाहनों को जब्त भी किया, लेकिन इसके बावजूद भी स्थिति में ज्यादा सुधार नजर नहीं आए।

संयुक्त टीम ने चलाया सर्च अभियान चलाया, पटाखा की अवैध खेप पकड़ी
शहर थाना पुलिस ने गुप्तचर, सुरक्षा शाखा सहित अन्य सुरक्षा जवानों के साथ संयुक्त रूप से सोमवार दोपहर बाद सर्च अभियान चलाया। इस दौरान संयुक्त टीम में डॉग स्क्वायड टीम को भी शामिल किया गया। इस दौरान संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन सहित शहर के होटल और रेस्टोरेंट व धर्मशाला में भी सुरक्षा की दृष्टि से संदिग्ध गतिविधियों को खंगाला। टीम ने रेलवे स्टेशन पर मुसाफिरों के सामान की भी जांच की। इस दौरान टीम को अनाज मंडी क्षेत्र में पटाखों की अवैध खेप भी बरामद हुई। इसके खिलाफ शहर पुलिस थाना में संबंधित मामला में कार्रवाई की जाएगी।
धनतेरस पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, कीमती सामान का रखें खुद ध्यान
धनतेरस पर शहर के बाजारों की कड़ी सुरक्षा रहेगी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस थाना प्रभारियों को भी सख्त हिदायतें दी हैं। हालांकि शहर के बाजारों में ज्यादा भीड़ रहेगी। ऐसे में कीमती सामान का लोग खुद ध्यान रखें तो बेहतर रहेगा। ऐसे माहौल में कीमती सामान पर हाथ साफ करने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। बाजारों में महिलाओं के पर्स, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान चोरी होने की संभावनाएं ज्यादा रहती हैं।
बाजार में खरीदारी के लिए आए तो वाहन लाने से बचें
धनतेरस पर शहर के बाजारों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पुलिस व जिला प्रशासन की तरफ से लोगों से अपील की जा रही है कि वे खरीददारी करने आते समय वाहन लाने से बचे। क्योंकि शहर के बाजारों में वाहन पार्किंग की कोई सुविधा नहीं है। ऐसे में वाहनों की वजह से लोग जाम में फंस सकते हैं। बाजारों में केवल पैदल आने जाने वालों को ही प्रवेश मिलेगा, जबकि दुपहिया वाहन, ऑटो रिक्शा, ई रिक्शा व कार लाने पर मनाही है। इसके लिए पुलिस की तरफ से नाकाबंदी की गई है जहां पुलिस कर्मचारी भी वाहनों के प्रवेश रोकने के लिए तैनात किए हैं।
शहर थाना पुलिस ने संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ शहर के मुख्य बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया है। धनतेरस पर भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। लोगों से भी अपने कीमती सामान की देखभाल के लिए अपील की जा रही है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना की डॉयल 112 पर सूचना दें। पुलिस बाजारों में मुस्तैदी से तैनात रहेगी।
विज्ञापन

- सत्यनारायण, प्रभारी, शहर पुलिस थाना भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें