भिवानी/तोशाम। ग्रैप तीन के आदेशों से फिर विकास का पहिया थमेगा। सोमवार को हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक पहुंचने के कारण वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तीसरे चरण (गंभीर वायु गुणवत्ता) के तहत एनसीआर में ग्रैप का तीसरा चरण लागू कर दिया है।
इससे खानक व खरकड़ी सोहन में खनन कार्य पर एक बार फिर पाबंदी लग गई है। अगले आदेशों तक खनन कार्य बंद रहेगा। वहीं जिले भर में चल रही विकास योजनाओं पर भी निर्माण काम प्रभावित होगा। खनन कार्य बंद होते ही भवन सामग्री के भाव 100 से 150 रुपये प्रति टन तक बढ़ने की संभावना है।
ग्रैप तीन लागू होने से खानक व खरकड़ी सोहन के पहाड़ में खनन कार्य बंद हो गया। आदेशों के बाद मंगलवार सुबह से खनन कार्य बंद करने के आदेश दिए हैं। क्रशर इकाइयां बंद होने से भवन निर्माण सामग्री का भाव 100 से 150 रुपये प्रति टन तक बढ़ गए हैं। 600 रुपये प्रति टन के हिसाब से मिलने वाला क्रशर अब 750 से 800 रुपये प्रति टन के हिसाब से मिलने लगेगा।
इससे लोगों का घर बनाना भी महंगा होगा। हालांकि ग्रैप तीन में सरकारी व निजी सभी तरह के निर्माण कामों पर कई मानकों को पूरा करना अनिवार्य होगा। एक माह में दूसरी बार खनन बंद होने से मजदूरों के रोजगार पर भी संकट बना है। वहीं अंतिम चरण में पहुंच चुकी विकास योजनाओं पर भी तय समय में काम पूरा होने का संकट बढ़ गया है। पहले से ही कई विकास परियोजनाएं पूरा होने में देरी हो चुकी है। अब ये परियोजनाएं और ज्यादा समय के लिए लटक जाएंगी।
खनन कार्य से जुड़े हैं दस हजार लोग
खनन कार्य से करीब दस हजार से ज्यादा लोग जुड़े हैं। पहाड़ में पत्थर निकालने से लेकर उनकी ढुलाई करने व क्रशरों पर मजदूरी करनेवाले अब बेरोजगार हो जाएंगे। ढुलाई वाहनों के संचालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। प्रदूषण नियंत्रण विभाग के आदेशों के चलते खनन क्षेत्र खानक-खरकड़ी सोहन में स्टोन क्रशरों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। खानक में करीब 350 क्रशर इकाइयां हैं, जिनमें से 200 के करीब चालू हालत में हैं।
100 से 150 रुपये प्रति टन महंगी हो सकती है निर्माण सामग्री
क्रशर बंद होने से क्रशर व रोड़ी के दाम 100 से 150 रुपये प्रति टन तक बढ़ सकते हैं। फिलहाल रोड़ी का भाव 550 रुपये प्रति टन व क्रशर का भाव 600 रुपये प्रति टन है। खनन बंद होने के बाद क्रशर का भाव 750 से 800 रुपये प्रति टन व 700 से 750 रुपये रोड़ी का भाव होने की संभावना है। क्रशर अगर ज्यादा दिन बंद रहे तो भाव एक हजार रुपये तक पहुंच जाएगा।
-
एनजीटी के आदेश आ गए हैं। मंगलवार को तो छुट्टी है। खनन कार्य बंद कर दिया जाएगा।
- रविंद्र जाखड़, मैनेजर, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड।
-
ग्रैप तीन के आदेशों में चल रही विकास परियोजनाओं पर नियमानुसार काम चलता रहेगा। इस दौरान एनजीटी के दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन करवाया जाएगा। इस संबंध में सभी अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं।
- लोकेश कुमार, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।