ढिगावा मंडी में धर्म कांटे पर खड़ी गाड़ी।
ढिगावा मंडी। ढिगावा मंडी स्थित धर्मकांटों के माप-तोल में अंतर की शिकायत पर नापतोल विभाग की टीम मशीन के साथ मौके पर पहुंची और दोनों कांटों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षक विधिक नापतोल विभाग नितिन सुरा ने बताया कि व्यापारियों द्वारा सरकार से मान्यता प्राप्त दो धर्मकांटों में वजन के अंतर की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत के आधार पर विभाग की टीम ने बुधवार को ढिगावा मंडी पहुंचकर दोनों धर्मकांटों का मशीन से वजन जांचा।
जांच के दौरान मोहित और भविष्य धर्मकांटों में कुछ खामियां पाई गईं जिन्हें दूर करने के आदेश दिए गए हैं। भविष्य धर्मकांटे के मालिक को निर्देश दिए गए कि कांटे में पाई गई शिफ्ट एरर को तुरंत प्रभाव से दुरुस्त कर सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करें। वहीं मोहित धर्मकांटे के मालिक को वजन डिस्प्ले को बाहर की तरफ लगाने, सीसीटीवी कैमरे सही तरीके से स्थापित करने तथा फ्रीक्वेंसी सिस्टम को भी ठीक करवाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने दोनों संचालकों को मानकों के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।