भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा वीरवार दोपहर एक बजे दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। बारहवीं कक्षा का परिणाम घोषित करने के बाद अब बोर्ड अधिकारी दसवीं के परीक्षा परिणाम को लेकर तैयारियों में जुटे हुए हैं।
बुधवार को बोर्ड मुख्यालय में अधिकारियों ने परीक्षा परिणाम जारी करने संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बारहवीं कक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट दो बार क्रैश हो गई थी जिसके कारण करीब चार से पांच घंटे तक वेबसाइट पूरी तरह ठप रही। बताया गया कि लाखों विद्यार्थियों द्वारा एक साथ परीक्षा परिणाम देखने के प्रयास के कारण वेबसाइट पर अधिक दबाव बढ़ गया था।
दसवीं कक्षा के परिणाम के दौरान ऐसे हालात दोबारा उत्पन्न न हों इसके लिए बोर्ड अधिकारी वेबसाइट की लगातार निगरानी करेंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में इस बार 2,78, 334 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे। पिछले वर्ष बोर्ड का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 92.49 प्रतिशत रहा था जबकि स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 73.08 प्रतिशत दर्ज किया गया था।