भिवानी। बापोड़ा गांव में सुबह कार व ऑटो की टक्कर में दो छात्र और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि एक छात्र का हाथ और चालक का पांव कटकर वहीं ऑटो में गिर गया। दूसरे छात्र के पांव में भी फ्रेक्चर आया। ऑटो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा कार के सामने नील गाय आने के कारण हुआ। जिसके बाद कार और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर हुई। तीनों घायलों को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हादसा मंगलवार सुबह करीब पौने नौ बजे हुआ। बापोड़ा से ऑटो चालक दलीप सिंह(50) भिवानी की ओर रवाना हुआ। वहां से गांव का ही 10वीं कक्षा का छात्र लक्ष्य और गोविंदपुरा वासी 11वीं का छात्र आनंद भी भिवानी जाने के लिए सवार हुआ। ऑटो अभी गांव से थोड़ा आगे ही चला था कि सामने से आ रही कार ने ऑटो में सीधी टक्कर मारी। बताया जाता है कि कार के सामने नील गाय आई और उसे बचाने के चक्कर में कार सीधी ऑटो से टकरा गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि छात्र आनंद का एक हाथ कटकर वहीं ऑटो में गिर गया। इसी तरह चालक का एक पांव कटकर ऑटो में ही गिर गई। दूसरे पांव मेें भी फ्रेक्चर आया था। छात्र लक्ष्य के पांव में भी फ्रेक्चर आया। तीनों घायलों को गंभीर हालत में उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दलीप और आनंद को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। मगर परिजन उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल ले गए। लक्ष्य को भी परिजन हिसार ले गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया वहीं टक्कर लगने से घायल नील गाय सड़क किनारे घायल हालत में थी। मामले में सदर थाना से एसएचओ उदमीराम ने बताया कि घायल तीनों बयान लेने की हालत में नहीं है। घायलों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लड़के के जन्म पर बहन के घर आया था आनंद
11वीं कक्षा का छात्र गोविंदपुर वासी आनंद अपनी बहन के घर बापोड़ा आया हुआ था। सोमवार को कुआं पूजन कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद मंगलवार सुबह वह अपने घर लौट रहा था तो यह हादसा हो गया।