भिवानी। गाव लालावास में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सभा में खुशी के अवसर पर मंगलामुखियों को दी जाने वाली राशि 1100 रुपये निर्धारित की गई।
सभा में ग्राम सचिव दुरगेश, पंचायत समिति सदस्य रमेश लालावास व सरपंच नरेश कुमार शामिल रहे। पंचों की मौजूदगी में मंगलामुखियों की मनमानी के चलते ग्रामवासियों को हो रही परेशानी पर चर्चा हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि किसी भी प्रकार की खुशी के अवसर पर मंगलामुखी अत्यधिक धनराशि की मांग करते हैं। इसे बहुत से परिवार देने में सक्षम भी नहीं है। लेकिन इसका समाधान करते हुए गांव लालावास में अब यह निर्णय लिया गया है कि गांव में किसी के घर में खुशी के अवसर पर मंगलामुखियों को दी जाने वाली अधिकतम राशि 1100 रुपये होगी।
यह तय राशि बतौर शगुन देने का प्रस्ताव पंचायत स्तर पर सर्वसहमति से ग्राम सभा में पास किया गया। इस फैसले के विरुद्ध अतिरिक्त शगुन देने वाले अथवा लेने वाले के खिलाफ ग्राम पंचायत लालावास द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी। सभी नियम व शर्तें 26 नवंबर से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इस अवसर पर पंच कैलाश चंद्र, मुकेश कुमारी, सुरेश कुमार, पूजा, पवन कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।