भिवानी। हुडा सेक्टर की मूलभूत समस्याओं पर अधिकारियों ने एक सप्ताह का समय मांगते हुए समाधान का आश्वासन दिया। नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगांवा के नेतृत्व में वाटर बॉक्स पर एकत्रित सेक्टरवासियों ने बिजली और पानी की समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों को अवगत करवाया।
सेक्टरवासियों ने बताया कि सेक्टर में पानी की सप्लाई कभी दोपहर में होती है कभी रात में होती है और कई बार सप्लाई नहीं होती। बिजली की भी गंभीर समस्या बनी हुई है। वाटर बॉक्स में खराब मोटर, खराब जनरेटर व इंजन तथा मोटरों की कटी हुई सील के बारे में हिसार से कार्यकारी अभियंता भूपेन्द्र को फोन पर अवगत करवाया गया। भूपेन्द्र ने तीन दिन के भीतर मोटर, जनरेटर व इंजन ठीक करने का आश्वासन दिया।
विजय पंचगांवा ने बताया कि बिजली का कनेक्शन गुजरानी से होने के कारण बार-बार कट लगने, फ्यूज उड़ने और तार टूटने की समस्या बनी रहती है। इस संबंध में बिजली निगम के एससी को अवगत करवाया गया। इस पर एससी ने आश्वासन दिया कि सेक्टर 13-23 की बिजली का कनेक्शन शिक्षा बोर्ड या आसपास से जोड़ दिया जाएगा ताकि 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान हुडा के जेई पंकज मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने कुछ समस्याओं को मौके पर ही दुरुस्त करना शुरू किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर पानी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी। साथ ही सफाई व्यवस्था को लेकर जल्द बैठक की जाएगी, जिसमें पार्कों और सड़कों की स्थिति पर चर्चा होगी। इस अवसर पर ओमबीर सिंह, गजराज जोगपाल, दीपक शर्मा, नरेंद्र शर्मा, चिरंजी लाल सवारिया, सुभाष सिवाच, ओमप्रकाश भुक्कल, चहल साहेब, राजकुमार रंगा उपस्थित रहे।