भिवानी। प्रेम प्रसंग में सैलून संचालक रवींद्र की पीट-पीटकर हत्या के मामले में सदर पुलिस ने गिरफ्तार दो आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी लाइन पार सिटी स्टेशन निवासी रवि और सिंघवा निवासी मनीष कुमारको तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब हत्या की कड़ियां जोड़ने के साथ वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शिकायतकर्ता अजय निवासी विराट नगर हांसी ने बताया कि 26 अगस्त की रात करीब एक बजे उसे भिवानी सिटी रेलवे स्टेशन से फोन आया। उसे ताई शीला देवी की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। इसके बाद वह दोस्त अनिल के साथ भिवानी पहुंचा।
अजय के अनुसार, काली देवी मंदिर मोड़ के पास उन्हें रवींद्र मिला। तीनों लाइन पार सिटी स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने रवींद्र को डंडों और अन्य हथियारों से गंभीर चोटें मारीं।
अजय और अनिल बचने के लिए वहां से भागे। आरोपियों ने रवींद्र को पकड़ लिया और वैगनआर में डालकर अपने साथ ले गए। पुलिस शिकायत के मुताबिक, आरोपी उसे एक घर में ले गए, जहां उसके साथ फिर मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
थाना सदर प्रभारी निरीक्षक महाबीर सिंह ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए रवि और मनीष को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया जहां से तीन दिन का रिमांड मिला। इस दाैरान आरोपियों से हत्या की वजह, वारदात में प्रयुक्त वाहन और अन्य साक्ष्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी।