भिवानी। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने विकास धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों को जीतू वाला आरओबी निर्माण का कार्य 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। रेल अंडरपास महापंचायत संयोजक रोहतास वर्मा ने बताया कि क्षेत्रवासियों ने समस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों बारे सात सूत्रीय मांग पत्र सांसद, विधायक को सौंपा गया।
कार्यक्रम में सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिनोद रोड पर जो बिजली के खंभे रोड बनाने में अड़चन करने वाले हैं, उन्हें हटाने का काम तुरंत शुरू कर दें। खंभों की वजह से देरी नहीं आनी चाहिए। पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र के लिए पानी कि नियमित पर्याप्त सप्लाई का प्रबंध किया जाए।
सांसद ने नगर परिषद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि शिलान्यास हुई सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से करवाकर बारिश से पहले तैयार किया जाना चाहिए। किसी प्रकार कि कोताही नहीं बरती जाए। समारोह को विधायक घनश्याम सर्राफ, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह, उप प्रधान प्रतिनिधि संदीप सिंह तंवर मौजूद रहे।