भिवानी। गांव मुंढाल कलां में जींद-भिवानी रोड पर होटल को जबरन खाली कराने और हवाई फायरिंग कर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी चार गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे। वहीं होटल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद सहित 22 अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस थाना में दी शिकायत में मुंढाल कलां निवासी शक्ति ने बताया कि भिवानी-जींद मार्ग पर उसका होटल है। 1990 में उसने होटल वाली जगह मामराज से खरीद की थी। उसके बाद ही यहां होटल तैयार कर वह चलाता आ रहा है। मामराज की चार-पांच साल पहले मौत हो चुकी है। उसके बाद मामराज का बेटा संदीप होटल की जमीन को खाली कराने के लिए बार-बार दबाव बना रहा है।
गत 3 मार्च की रात करीब सवा एक बजे संदीप और उसका साला मोहित वहां चार गाड़ियों में 22 लोगों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने उसके पिता रामफल और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने लोहे की राॅड से उन पर हमला किया। वहीं हवाई फायरिंग कर दी। उसका भाई धर्मेंद्र वहां पहुंचा। आरोपी वहां से भाग गए। उसके पिता और उसे सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। वहीं सदर पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद इस संबंध में संदीप और मोहित सहित 22 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।