फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: अस्पताल खुद बीमार...कैसे होगा मरीजों का उपचार

Wed, 10 Sep 2025 01:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
बवानीखेड़ा के सामान्य अस्पताल में हुआ जलभराव।
विज्ञापन
भिवानी। कस्बा बवानीखेड़ा का नागरिक अस्पताल खुद बीमार हो चुका है। बारिश के बाद अस्पताल परिसर और मुख्य गेट के बाहर तीन से पांच फीट पानी जमा है। हालात यह हैं कि अस्पताल पहुंचने के लिए मरीजों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है। पिछले एक सप्ताह से पानी ऐसे ही जमा है। प्रशासन ने कस्बे के कुछ हिस्सों में पंप और मोटर लगाकर निकासी का प्रयास किया लेकिन चौक-चौराहों पर भरे पानी के आगे सभी इंतजाम नाकाम साबित हो रहे हैं।
विज्ञापन


अस्पताल के अंदर का हाल भी चिंताजनक है। जलभराव के कारण दवाओं का वितरण अब वेटिंग हॉल में हो रहा है और मरीजों का पंजीकरण भवन के प्रवेश द्वार पर किया जा रहा है। छतों और दीवारों में आई दरारों के चलते चिकित्सक ओपीडी का कमरा नंबर दो बंद करना पड़ा है। शौचालय खस्ताहाल है और छतों से पानी टपकने के कारण हर समय हादसे का डर बना हुआ है। 46 साल पुराने इस अस्पताल का प्लास्टर जगह-जगह से उखड़कर गिर रहा है। कर्मचारियों और चिकित्सकों ने प्रशासन से अस्पताल की तुरंत मरम्मत की मांग की है।



1979 में शुरू हुआ था अस्पताल

बवानीखेड़ा का सामान्य अस्पताल 16 अगस्त 1979 को तत्कालीन मुख्यमंत्री भजनलाल ने उद्घाटित किया था। इसके बाद से अब तक अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार नहीं हुआ। चार दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी कस्बे के लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के इंतजार में हैं।
विज्ञापन




पहले ही कंडम घोषित हो चुका भवन

स्वास्थ्य विभाग अस्पताल भवन के कई हिस्सों को पहले ही कंडम घोषित कर चुका है। यहां नया अस्पताल भवन बनाने की योजना है। जून माह में स्थानीय विधायक स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर चुके हैं लेकिन ठोस समाधान सामने नहीं आया। बारिश ने भवन की स्थिति और खराब कर दी है जिससे मरीजों और डॉक्टरों को हर पल छत गिरने का भय बना हुआ है।



जलभराव से बीमारी फैलने का खतरा

अस्पताल परिसर के पास हुड्डा कॉलोनी और अन्य आबादी क्षेत्र हैं। यहां जमा दूषित पानी से डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। जिले में मिले अधिकांश मरीज जलभराव वाले क्षेत्रों से हैं। जिस अस्पताल को स्वास्थ्य सेवा देने के लिए बनाया गया था वहीं की स्थिति अब लोगों की सेहत के लिए खतरा बन रही है।





उपायुक्त को साथ लेकर मंगलवार को कस्बे के जलभराव वाले इलाकों का दौरा किया है। अधिकारियों को पानी निकासी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही मोटर और पंप लगाकर पानी निकलवाया जाएगा। अस्पताल भवन को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से पहले ही मुलाकात हो चुकी है। नया भवन बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। - कपूर सिंह वाल्मिकी, विधायक बवानीखेड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें