भिवानी। ग्रामीण रूटों पर सफर की लाचारी के बीच रास्ते में रोडवेज की लारी पंचर हो रही हैं, यानी उनके टायर जवाब दे रहे हैं। डिपो में नए टायरों की कमी इस कद्र बनी है कि हर दूसरे दिन रोडवेज की बस कर्मशाला में बिना टायर जैक पर खड़ी हो रही है। अब तक डिपो में 43 बसों को रूट से सिर्फ इसलिए हटाना पड़ा क्योंकि उनके टायर जवाब दे चुके हैं। हालांकि जो बसें रूट पर दौड़ रही हैं, उनके टायर भी बेहद कमजोर हो चुके हैं तो कभी भी बीच सफर धोखा दे सकते हैं।
रोडवेज अधिकारियों का दावा है कि नए टायरों की बजाए रिसोलिंग टायरों की समस्या पहले हल होगी। भिवानी डिपो में नियमों के अनुसार 204 बसों का बेड़ा जरूरी है, मगर फिलहाल 199 बसों के सहारे ही रोडवेज की गाड़ी दौड़ रही हैं, इसमें भी बिना टायर 43 बसें तो कर्मशालाओं में खड़ी हो चुकी हैं। 156 रोडवेज बसें ऑन रूट हैं।
ये बसें लंबी दूरी से लेकर ग्रामीण रूटों तक दौड़ लगा रोजाना ही हजारों लोगों को गंतव्य तक पहुंचाती हैं। इसका सीधा असर ग्रामीण रूटों की परिवहन व्यवस्था पर पड़ रहा है। कई गांवों में सुबह-शाम ही बसें मिल पा रही हैं तो कहीं विद्यार्थियों को कॉलेज आने-जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। रोडवेज की इस बदहाली का फायदा निजी परिवहन समितियों की बसों को मिल रहा है और परेशानी आम यात्रियों को उठानी पड़ रही है।
भिवानी डिपो के उप डिपो तोशाम और लोहारू में भी रोडवेज की बसें बिना टायरों के रूट पर कम कर्मशाला में अधिक समय खड़ी रहती हैं। भिवानी की कर्मशाला में तो खराब टायरों की लंबी कतारें लगी हैं, जिन्हें रिसोलिंग के जरिये ही फिर से बसों में इस्तेमाल किया जा सकता है। मगर हालत यह है कि ना तो नए टायर आ रहे हैं ना रिसोलिंग टायरों की खेप केंद्रीय आगार से पहुंच रही है।
ऐसे में डिपो के अधिकारी आसपास के डिपो से उधार टायर लेकर भी थक चुके हैं, क्योंकि ये समस्या अन्य डिपो में भी बनी है। भिवानी जिले में वाया ग्रामीण रूटों पर रोडवेज बसों के सहारे ही परिवहन व्यवस्था है, जबकि कुछ चुनिंदा रूटों पर परिवहन समिति की बसें भी दौड़ रही हैं। रोडवेज में टायरों की कमी और मुसाफिरों की लाचारी का फायदा समिति की बसों को हो रहा है। क्योंकि ये बसें कम समय में ज्यादा चक्कर लगाकर चांदी कूट रही हैं।
वाया ग्रामीण रूट तोशाम भिवानी पर रोडवेज बसों की काफी कमी बनी है। दांग खुर्द और दांग कलां के लिए तो सुबह केवल एक ही बस आती है। इसके बाद इस रूट पर कोई रोडवेज बस नहीं है। गांव से शहर में पढ़ाई के लिए जाने वाले विद्यार्थियों को वापस लौटते समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, खासकर लड़कियों को ज्यादा परेशानी होती है।
-सरोज देवी दांग खुर्द निवासी।
ग्रामीण रूटों पर रोडवेज बसों का समय निश्चित तो हैं मगर बस कब आएगी, इसकी कोई गारंटी नहीं रहती है। लेट लतीफी की वजह से आम लोग अपने कामधंधे पर समय से नहीं पहुंच पाते हैं वहीं विद्यार्थी भी कॉलेज देरी से जा पाते हैं। रोडवेज को ग्रामीण रूटों पर आबादी के हिसाब से परिवहन सेवाएं बढ़ानी चाहिए।
-अली दांग निवासी।
फोटो: 18 परिवहन समिति की बसों में मनमानी चल रही है, क्योंकि ये बस सरकार द्वारा दी जाने वाली किसी भी रियायत को नहीं मानते हैं। अगर गलती से कोई इनसे रियायत देने की बात करता है तो झगड़ने लगते हैं। सबसे अधिक बुजुर्गों को भी दिक्कतें होती हैं, क्योंकि वरिष्ठ नागरिक की आधी टिकट लगती है जबकि विद्यार्थियों के लिए बस पास सुविधा है। मगर यहां कोई पास मान्य नहीं है।
सुरेश, ढिगावामडी
पहले वाया ग्रामीण रूटों पर हर दो घंटे बाद बस सेवा रहती थी, मगर अब तो सुबह और शाम ही बस मिल पाती है। टायरों के बिना रोडवेज कर्मशाला में बस खड़ी हो गई तो फिर उस रूट पर परिवहन सेवाएं रामभरोसे ही हैं। रोडवेज को समय सारिणी के अनुसार रोडवेज बसों का नियमित संचालन करना चाहिए। -सत्यवान खरकडी
वर्जन:::::
रोडवेज बसों में रिसोलिंग और नए टायरों की कमी बनी है। इसके लिए उच्च स्तर पर अधिकारियों द्वारा समाधान का प्रयास किया जा रहा है। भिवानी डिपो में रिसोलिंग टायर नहीं हैं। इसलिए कर्मशाला में 39 बसें खड़ी हैं। जबकि सब डिपो में भी बिना टायर बसें खड़ी हो रही हैं। जल्द रिसोलिंग टायर मिल जाएं तो इन बसों को भी ऑन रूट कर दिया जाएगा। -इंद्रजीत सिंह सांगवान कर्मशाला प्रबंधक भिवानी डिपो