भिवानी पहुंचे आदमपुर से विधायक चंद्रप्रकाश के साथ प्रदीप गुलिया।
भिवानी। आदमपुर से विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि अत्याधिक जलभराव से किसानों की फसलें बर्बाद और आमजन की संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है लेकिन सरकार और प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे। रविवार को बया रेस्ट हाऊस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सरकार का कोई बैकअप प्लान नहीं था।
विधायक ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में कानून व्यवस्था मजबूत थी जबकि वर्तमान भाजपा सरकार अपराध रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का उद्देश्य केवल झूठे प्रचार पर ध्यान देना है और जनता के वास्तविक मुद्दों से विमुख रहना है। कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को बार-बार जलभराव की जानकारी देने पर भी सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं जबकि समाधान नहीं किए जा रहे। इस अवसर पर अधिवक्ता मुकेश जांगड़ा, जिला पार्षद रूपेंद्र ग्रेवाल, अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के जिला प्रधान राजेश जांगड़ा और अधिवक्ता हर्षित जांगड़ा मौजूद रहे।