भिवानी। पुराने बीजों के बैग पर नई तिथि डाल किसानों के साथ फर्जीवाड़ा करने का मामला प्रकाश में आया है। सीएम फ्लाइंग, गुप्तचर विभाग, कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने वीरवार को छापा मारकर सारे खेल का खुलासा किया। छापे के दौरान बीजों के बैग से थिनर के माध्यम से पुरानी तिथि मिटाकर नए टैग लगाये जा रहे थे। टीम ने वहां से डेढ़-डेढ़ किलो के करीब चार हजार बैग यानी करीब 60 क्विंटल बीज बरामद किया है। सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीएम फ्लाइंग टीम, गुप्त विभाग और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने दोपहर करीब दो बजे हांसी रोड पर तिगड़ाना मोड़ के पास खेतों में बनी एक फैक्टरी में छापा मारा। यहां भारी मात्रा में बाजरे के बीज मिले। जांच की तो पाया कि वहां मौजूद एक कारिंदा बाजरे के बीजों के बैग से थिनर के माध्यम से पुरानी तिथि बदली जा रही थी। बैग पर मई 2021 तिथि थी। बाजरे के बीज नौ महीने तक ही प्रयोग के लायक रहते थे। ऐसे में कारिंदे मई 2021 को थिनर से मिटाकर मई 2022 के टैग लगा रहे थे। टीम ने छापा मारा तो वहां हड़कंप मच गया। टीम ने जांच की तो वहां डेढ़-डेढ़ किलो के चार हजार बैग मिले। जिनकी तिथि बदली जा रही थी। करीब 60 क्विंटल बीज था। बताया जा रहा है कि यह फैक्टरी गुलाब सिंह की है। टीम में गुप्तचर विभाग के इंचार्ज सुनील कुमार, सीएम फ्लाइंग रोहतक से नरेंद्र, कृषि विभाग से क्वालिटी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, सदर थाना एसआई रणबीर सिंह, गुप्तचर विभाग के एएसआई विरेंद्र, बजरंग आदि मौजूद रहे।