भिवानी। तोशाम उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अनियमित और अघोषित कटौती से जनजीवन प्रभावित है। ग्राम पंचायत बीरण, सागवान, दांग कलां और दांग खुर्द के ग्रामीण लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं।
सोमवार को चारों ग्राम पंचायतों के सरपंचों और प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम तोशाम-द्वितीय के एसडीओ को शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
दांग खुर्द सरपंच राजेन्द्र यादव, गांव बीरण सरपंच प्रतिनिधि जोगेंद्र सिंह, गांव सागवान सरपंच प्रतिनिधि बलजीत और दांग कलां सरपंच प्रतिनिधि परमजीत यादव ने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौली ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विशेषकर रात के समय बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली गुल रहती है।
बिजली कटौती का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। उमस और मच्छरों के कारण लोगों की रातों की नींद प्रभावित हो रही है। घरेलू कामकाज और पेयजल आपूर्ति भी बिजली पर निर्भर होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सरपंचों ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी किसानों को हो रही है। सिंचाई के समय बिजली उपलब्ध नहीं होने से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में बिना तय शेड्यूल के कटौती की जा रही है। रात में अचानक बिजली बंद होने से आम उपभोक्ता, किसान और विद्यार्थी परेशान हैं।
उन्होंने बिजली निगम से आपूर्ति व्यवस्था की तकनीकी जांच करवाने और अनावश्यक कटौती बंद करने की मांग की। साथ ही पर्याप्त और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की। सरपंचों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो चारों गांवों के लोग सड़कों पर उतरकर कड़ा रुख अपनाने को मजबूर होंगे।