भिवानी। जिला न्यायालय परिसर में एक जनवरी को बंद रहा। लेकिन इसके बावजूद अधिवक्ता न्यायालय परिसर के अधिवक्ता चैंबर्स परिसर में पहुंचे और नव वर्ष की एक दूसरे को शुभकामनाएं देकर बार चुनावों पर चर्चा की।
दरअसल, चुनावी दंगल में कूदने वाले अधिवक्ता भी नव वर्ष के बहाने जनसंपर्क में जुट गए हैं। वरिष्ठ अधिवक्ताओं से भी कनिष्ठ अधिवक्ता आशीर्वाद लेकर नए साल की चुनावी हलचल में हिस्सेदारी के लिए तैयार हो रहे हैं। बार का चुनाव 28 फरवरी को होगा। लेकिन चुनावों से पहले ही बार चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई हैं।
भिवानी बार चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए तीन से चार दावेदारों की संभावना है जबकि कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, लाइब्रेरियन पद के लिए भी दो से तीन दावेदार रहेंगे। हालांकि कई पद निर्विरोध भी चुन सकते हैं, क्योंकि प्रधान पद को छोड़कर अन्य पदों पर अधिवक्ताओं में आपसी सहमति भी बन जाती है।
चुनावी चर्चा पर अधिवक्ताओं ने कहा कि भिवानी बार का चुनाव हमेशा से ही आपसी भाईचारे और सौहार्द का चुनाव रहा है। चुनाव में हिंसा व एक दूसरे का विरोध मायने नहीं रखता बल्कि अधिवक्ता मतदान कर जिस भी पदाधिकारी का चुनाव करते हैं, उस पर सभी की सहमति बनी रहती है। चुनाव के बाद सभी प्रत्याशी भी एक साथ बैठकर ही थकान मिटाते हैं।