भिवानी। शहर के जिला नागरिक अस्पताल में ठिठुरन भरी ठंड बढ़ने के साथ ही कमर दर्द, हाथ पैरों में सुन्नपन के साथ ही गले में दर्द के मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी में प्रतिदिन हजारों की संख्या में मरीज जांच करवाने पहुंच रहे हैं। लेकिन ज्यादातर मरीज दर्द व गले की समस्या से परेशान हैं।
गले व दर्द के 250 से 300 मरीज अस्पताल में दवा लेने पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों ने भी सर्दी में दर्द के मरीजों के लिए सलाह दी हैं। ठिठुरन भरी ठंड में दर्द के मरीजों को उचित रखरखाव की जरूरत होती है। सर्दी के मौसम में शरीर जकड़ने की वजह से दर्द बढ़ जाता है।
ऐसे में मरीजों को ज्यादा ठंडी हवा में सैर करने से बचना चाहिए। इसके साथ ही ठंडी तासीर की खाद्य सामग्री से दूरी बना कर रखें। शरीर के दर्द वाले हिस्से को हल्के हाथों से मसाज करें। मसाज करने से शरीर में रक्त संचार बढ़ता है और दर्द में राहत मिलती है।
दर्द के मरीजों के लिए सुझाव
सुबह शाम ठंडी हवा में सैर पर जाने से बचें।
ठंडी खाद्य सामग्री खाने से परहेज करें।
विटामिन भरपूर मात्रा में लें।
हल्के हाथों से दर्द वाले हिस्से की मसाज करें।
गले में दर्द होने पर हल्के गुनगुने पानी से गरारे करें।
गले में दर्द ज्यादा होने पर बीटाडीन लोशन पानी में डाल कर गरारे करें।
सर्दी में शरीर में दर्द के मरीज बढ़ जाते हैं। इसके साथ ही गले में दर्द की समस्या से परेशान भी जांच करवाने आ रहे हैं। लेकिन दवा लेने के बाद दो से तीन दिन में ठीक हो जाते हैं।
- यतिन गुप्ता, फिजिशियन, नागरिक अस्पताल भिवानी।