किरोड़ीमल पार्क में आयोजित रामलीला में रावण-अंगद संवाद की प्रस्तुति देते कलाकार।
भिवानी। रेलवे रोड स्थित सेठ किरोड़ीमल पार्क में आयोजित 11 दिवसीय संपूर्ण रामलीला महोत्सव के आठवें दिन रविवार को रावण-अंगद संवाद, लक्ष्मण मूर्छा और हनुमान के संजीवनी बूटी लाने के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय और आधुनिक प्रकाश व ध्वनि व्यवस्था ने दृश्यों को प्रभावशाली बनाया। पूरा पार्क परिसर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में दिल्ली के वरिष्ठ आयकर आयुक्त नरेश बंसल मुख्य अतिथि रहे जबकि विधायक घनश्याम सर्राफ की अध्यक्षता और सान्निध्य रहा। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी मीनू अग्रवाल, नीलम जैन, रमेश बंसल, सूर्यांश अग्रवाल, संदीप पीटीसी और हर्षवर्धन मान पहुंचे। कमेटी प्रधान विजय बंसल टैणी और प्रवक्ता अभिषेक बंसल ने अतिथियों का स्वागत किया।
नरेश बंसल ने कहा कि रामलीला संस्कृति, संस्कारों और सनातन मूल्यों से जुड़ने का माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देते हैं। विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि श्रीराम का जीवन हर युग में प्रासंगिक है और रामलीला के माध्यम से धार्मिक विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती है।
कमेटी प्रधान विजय बंसल टैणी और प्रवक्ता अभिषेक बंसल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों से परिचित कराना है। रावण-अंगद संवाद अहंकार के पतन और दृढ़ संकल्प की सीख देता है जबकि लक्ष्मण मूर्छा और संजीवनी का प्रसंग संकट में एकजुटता, सेवा और समर्पण का संदेश देता है। इस अवसर पर महासचिव अधिवक्ता अजय सर्राफ, सह संयोजक प्रवीण गर्ग, उपप्रधान पवन भरतिया व सुरेश डब्बेवाला, कोषाध्यक्ष मामनचंद अग्रवाल तथा सदस्य पवन बुवानीवाला, मुरालीलाल तौला और विनोद गोयल मौजूद रहे।