भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने पहली बार हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) में एआई सिस्टम का प्रयोग कर नकल माफिया पर पूरी तरह से अंकुश लगाने का निर्णय किया है। एआई के उपयोग से फर्जी परीक्षार्थी भी परीक्षा नहीं दे पाएंगे। एआई सिस्टम के जरिये फर्जी परीक्षार्थी पकड़ में आएंगे और उन्हें तत्काल पुलिस के हवाले किया जाएगा।
प्रदेश में 26 और 27 जुलाई को एचटेट होगी। एचटेट के लिए बोर्ड में अब तक 4, 05377 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिसमें लेवल प्रथम पीआरटी के लिए 82917 परीक्षार्थी हैं। इसी तरह टीजीटी लेवल द्वितीय के लिए 2,01517 और लेवल तृतीय पीजीटी में एक लाख 9443 परीक्षार्थी शामिल हैं। इस संबंध में बोर्ड अध्यक्ष डॉ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि गृह जिलों में ही परीक्षा केंद्र बनेंगे। गुरुग्राम में सबसे अधिक परीक्षार्थी हैं। 10,334 लेवल वन, लेवल द्वितीय में 20122 ओर 12327 लेवल तीन में परीक्षा देंगे।
प्रदेश में मान्यता प्राप्त स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनेंगे, जहां परीक्षा केंद्र होंगे। 310 परीक्षार्थी एक परीक्षा केंद्र में परीक्षा देंगे। 600 से अधिक एचटेट के लिए केंद्र बनेंगे। एआई का उपयोग होगा। एचटेट की परीक्षा में प्रवेश के दौरान एआई कैमरा का प्रयोग होगा। इसका खास उद्देश्य यह है कि कोई भी परीक्षार्थी एआई कैमरा के सामने इमेज चेहरा कैप्चर कराएगा। संवाद