सीएम का नमन के पास फोन आने की खुशी मनाते नवयुग स्कूल के स्टाफ सदस्य।
भिवानी। 12वीं कक्षा में विज्ञान संकाय में प्रदेश में टॉप स्थान पर रहने वाले पीएस नवयुग स्कूल तोशाम के छात्र नमन का मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनको फोन कर बधाई दी। मुख्यमंत्री की ओर से शुभकामनाएं दिए जाने पर न केवल नमन और उनके परिजन बल्कि स्कूल स्टाफ सदस्य भी खुशी के मारे फूले नहीं समा रहे। वहीं नमन की उपलब्धि पर स्कूल स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाई और एक-दूसरे को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि नमन कुमार ने 493 अंक हासिल कर विज्ञान संकाय में प्रदेश में टॉप स्थान हासिल किया है और हरियाणा में टॉप 10 में पांचवें स्थान पर रहे हैं। अपनी कड़ी मेहनत और उपलब्धि से नमन ने अपने माता-पिता और स्कूल के साथ-साथ इलाके का नाम भी रोशन किया है। नमन की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार देर शाम 8:10 पर फोन कर नमन को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए कहा कि नमन ने स्वयं के साथ-साथ माता-पिता का नाम भी रोशन किया है। हमारी शुभकामनाएं हमेशा तुम्हारे साथ हैं। प्राचार्य अनिल कुमार ने कहा कि उनके लिए इससे बड़ी और क्या खुशी हो सकती है कि स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नमन कुमार को फोन कर बधाई दी है। इससे पूरे स्टाफ में खुशी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का नमन को फोन कर बधाई देना अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।