फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: पुल बन गया, पर सर्विस रोड अटका, सीवर मैनहोल न बनने से ठप पड़ा निर्माण

Wed, 22 Oct 2025 11:05 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
खस्ताहाल दिनोद रोड।
विज्ञापन
भिवानी। दिनोद रोड पर रेलवे ओवरब्रिज तो बनकर तैयार हो गया है लेकिन अब सर्विस रोड का निर्माण अधर में लटक गया है। वजह है सीवर मैनहोल का निर्माण न होना। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सीवर लाइन शिफ्ट तो कर दी मगर बीच में मैनहोल बनाना भूल गया। इसी एक मैनहोल के अभाव में पूरे सर्विस रोड का निर्माण ठप पड़ा है।
विज्ञापन

दूषित पानी की निकासी न होने से क्षेत्र के लोगों ने हाल ही में जीतुवाला डिस्पोजल गेट पर ताला लगाकर विरोध जताया था। उस समय विभाग के अधिकारियों ने दिवाली के बाद सीवर मैनहोल का निर्माण शुरू कराने का भरोसा दिया था लेकिन अब तक न तो ड्राइंग तैयार की गई है और न ही काम की शुरुआत हुई है। इसके चलते जीतुवाला जोहड़ और दुर्गा कॉलोनी के आसपास के लोग ठप सीवर व्यवस्था की समस्या से परेशान हैं।
करीब 18 करोड़ की लागत से बना यह ओवरब्रिज 600 मीटर लंबा है और शहर का सबसे छोटा रेलवे ओवरब्रिज माना जा रहा है। पुल के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने के बाद सर्विस रोड तैयार किया जाना था मगर सीवर लाइन शिफ्टिंग के दौरान बीच में मैनहोल न बनने से काम अटक गया। जब तक यह मैनहोल नहीं बनता तब तक सर्विस रोड का निर्माण संभव नहीं है।
विज्ञापन

लाइन शिफ्टिंग के दौरान दो-तीन गलियों के दूषित पानी की निकासी के लिए केवल भूमिगत पाइप लाइन बिछाई गई थी। लेकिन इस पाइप से घरों का गंदा पानी सही ढंग से बाहर नहीं निकल पा रहा है और गलियों में ही फैल रहा है। इसी समस्या के चलते लोगों को डिस्पोजल पर तालाबंदी तक करनी पड़ी थी। अधिकारियों ने उस समय आश्वासन दिया था कि दिवाली के बाद निर्माण शुरू होगा मगर अब तक कोई प्रगति नहीं हुई।

महज पांच से छह फीट ही चौड़ा बन पाएगा सर्विस रोड
आसपास के मकानों से अवैध कब्जे हटाने के बावजूद सर्विस रोड के लिए मात्र पांच से छह फीट जगह ही बची है। पुल के नीचे तो जगह अपेक्षाकृत चौड़ी है लेकिन जीतुवाला की तरफ ओवरब्रिज से नीचे उतरने के बाद सर्विस लेन बेहद संकरी हो जाती है। इस स्थिति में अगर एक वाहन लेन से गुजरेगा तो दूसरा वाहन सामने से नहीं निकल पाएगा। संकरी जगह में दूषित पानी की निकासी न होने से सर्विस रोड निर्माण पूरी तरह अटका हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मैनहोल निर्माण का प्रस्ताव तो था लेकिन सीवर लाइन शिफ्ट करते समय यह कार्य नहीं किया गया जिसके चलते अब निकासी में दिक्कत आ रही है।


डिस्पोजल पर तालाबंदी कर रोष जताने के दौरान जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि दिवाली के बाद सर्विस रोड पर सीवर मैनहोल का निर्माण करा दिया जाएगा। हालांकि लाइन शिफ्ट करने का काम पहले ही पूरा हो चुका है। अब वाहनों के लिए ओवरब्रिज को खोल दिया गया है। ऐसे में एजेंसी भी जल्द से जल्द सर्विस रोड तैयार कर काम खत्म करना चाहती है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी अधिकारियों से बात की जाएगी अगर जल्द मैनहोल नहीं बनाया तो ठप सीवर बड़ी चुनौती बनेगी। - अनिल कुमार, पार्षद प्रतिनिधि वार्ड-18


सर्विस रोड पर सीवर लाइन शिफ्ट की जा चुकी है। महज कुछ इलाके के पानी की निकासी के लिए अलग से सीवर मैनहोल तैयार किया जाएगा। इसकी तैयारी कर ली गई है। जल्द ही सीवर मैनहोल निर्माण का काम शुरू करा देंगे। - सूरज प्रकाश जैन, एसडीओ, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें