भिवानी। जन्माष्टमी पर्व के लिए रविवार को भी शहर के बाजारों में रौनक रही। कान्हा की सज्जा संबंधी शृंगार सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर महिलाओं की भीड़ जुटी। लडडू गोपाल का शृंगार कराने के लिए पेंटर के पास भी लोगों का तांता लगा रहा।
जन्माष्टमी पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। इसके लिए शहर के प्रमुख देवालयों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। शहर के दादरी गेट स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर, किरोड़ीमल मंदिर, बाबा जहरगिरि आश्रम, हनुमान जोहड़ी मंदिर को रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया है।
शहर के सराय चोपटा स्थित बाजार में भी कान्हा की शृंगार सामग्री और लड्डू गोपाल का झूला एवं अन्य शृंगार सामग्री खरीदने के लिए दिनभर महिलाओं का तांता लगा रहा। गोशाला मार्केट के पेंटर शिवकुमार वर्मा ने बताया कि उनके पास दो दिनों से लड्डू गोपाल की पेंटिंग के लिए कई लोग आ रहे हैं। लोग कई प्रकार की पेंटिंग एवं शृंगार की पेंटिंग भी करा रहे हैं।
जहर गिरि आश्रम में जन्माष्टमी महोत्सव आज
भिवानी। हालुवास गेट स्थित सिद्धपीठ बाबा जहर गिरि आश्रम में शिव शक्ति जनकल्याण सेवा ट्रस्ट की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 26 अगस्त सोमवार को शाम 6 बजे से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में सानिध्य सिद्धस्थल जाेगीवाला शिव मंदिर के महंत वेदनाथ महाराज, हनुमान जाेहड़ी मंदिर धाम के बालयाेगी महंत चरणदास महाराज का रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, विशिष्ट अतिथि सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ व पूर्व प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुकेश गौड़ विशेष तौर पर शिरकत करेंगे। जन्माष्टमी महोत्सव में 35 विद्यालयों के प्रतिभागी भाग लेंगे।
कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक चलेगा। इसके बाद मध्यरात्रि को प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त विजेता प्रतिभागियों को सिद्धपीठ बाबा जहर गिरि आश्रम के पीठाधीश्वर व अंतरराष्ट्रीय महंत डाॅ. अशोक गिरि महाराज व मुख्य अतिथियों, एवं संतों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,100 रुपये के दो प्रतिभागी चुने जाएंगे और तृतीय पुरस्कार 3100 रुपये के तीन प्रतिभागियों को चुना जाएगा। वहीं प्रत्येक प्रतिभागी स्कूल को 1100 रुपये प्रतिभागिता पुरस्कार इनाम स्वरूप दिया जाएगा।