भिवानी। जिले के गांव गैंडावास के पास सड़क हादसे में शुगर मिल के मजदूर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सिवानी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
गांव धारनवास निवासी 55 वर्षीय नरेश कुमार रविवार शाम छह बजे पैदल जा रहा था। इस दौरान जब वह गांव गैंडावास मोड़ के पास पहुंचा तो वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। इस सड़क हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सिवानी पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल भिवानी पहुंचाया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
अस्पताल पहुंचे उनके भतीजे सोमबीर ने बताया कि नरेश शुगर मिल महम में काम करते थे। वह अविवाहित थे। सिवानी पुलिस थाने के जांच अधिकारी एएसआई राजेश ने बताया कि मृतक के भतीजे के बयान दर्ज कर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर से दबकर युवक की मौत
भिवानी। देवसर मोड़ के पास मजदूरी के लिए खेत पर जा रहे एक मजदूर की ट्रैक्टर से दबकर मौत हो गई। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर सदर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
यह घटना रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। गांव दिनोद निवासी 24 वर्षीय राहुल गांव के ही रवि के ट्रैक्टर पर बैठकर मजदूरी करने के लिए उसके खेत की ओर जा रहा था। जब ट्रैक्टर देवसर मोड़ के पास पहुुंचा तो अचानक असंतुलित होकर ट्रैक्टर पलट गया। इसके नीचे दबने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक राहुल के मामा बलजीत ने बताया कि राहुल दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। मृतक के परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। सदर पुलिस थाने के जांच अधिकारी एएसआई धर्मसिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
-फोटो 54 : चंडीगढ़ नाइट रन में भाग लेते बीआरजी के धावक। स्रोत ग्रुप