भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा तिथि जारी कर दी गई है। अगले माह से बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन करवाया जाएगा। विद्यार्थियों को तनाव मुक्त करने के लिए व सटीक परीक्षा तैयारी के लिए गांव दांग कलां के राजकीय स्कूल में कार्यरत हेडमास्टर सुरेंद्र कुमार व दांग खुर्द के राजकीय स्कूल में कार्यरत हेडमास्टर सुरेश कुमार ने विद्यार्थियों की तैयारी के लिए सुझाव दिए हैं। ये सुझाव विद्यार्थियों की तैयारी के लिए फायदेमंद साबित होंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा तिथि के अनुसार विद्यार्थियों की परीक्षा में बहुत कम समय बाकी है। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर टाइम टेबल के हिसाब से परीक्षाओं की तैयारियां करनी चाहिए। इस समय में विद्यार्थियों को अभिभावकों व गुरुजनों के सहयोग की जरूरत होती है। परीक्षाओं के नजदीक आने पर विद्यार्थियों के सिर पर भी मानसिक तनाव आ जाता है। परीक्षा के समय विद्यार्थियों को कई तरह के दवाबों का सामना करना पड़ता है।
परीक्षा की तैयारी से लेकर उसके परिणाम तक की चिंता विद्यार्थियों को मानसिक तनाव की और ले जाती है। ऐसे समय में अभिभावकों को भी पहले खुद तनाव मुक्त होना चाहिए। इसके बाद बच्चे की परीक्षा तैयारी में सहयोग करना चाहिए।
तनाव मुक्त होकर करें परीक्षाओं की तैयारियां
विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तनाव नहीं लेना चाहिए। सभी विद्यार्थी तनाव मुक्त होकर पूरी एकाग्रता से तैयारी करें। ज्ञान लेने के उद्देश्य से परीक्षाओं की तैयारी करें। अगर ज्ञान लेने के उद्देश्य से परीक्षा की तैयारी करेंगे तो तनाव भी नहीं होगा और परीक्षा में अच्छे अंक भी हासिल होंगे। विद्यार्थी एकांत में होकर पढ़ाई करें। इससे पढ़ाई बाधित नहीं होगी। अभिभावकों को भी बच्चों पर अच्छे अंकों का दबाव न डाले। इसके लिए समय-समय पर उनका मार्गदर्शन करें।
- सुरेश कुमार, हेडमास्टर।
सोशल मीडिया पर जानकारी के लिए लगाए समय
विद्यार्थियों को परीक्षा तैयारी करने के दौरान इंटरनेट की मदद भी अवश्य लेनी चाहिए। लेकिन इंटरनेट का उपयोग पढ़ाई के योग्य जानकारी लेने के लिए ही करें। अनावश्यक समय इंटरनेट पर खराब न करें। एक विषय को कम से कम दो बार पूरा पढ़ना चाहिए। विद्यार्थी मॉडल पेपर को हल करने की आदत अवश्य डाले। इससे परीक्षाओं की तैयारी सही ढंग से होने में मदद मिलेगी। मॉडल पेपर हल करने से विद्यार्थियों के अंदर परीक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ता है।
- सुरेंद्र सिंह, हेडमास्टर।