कैरू। गांव इंदीवाली में भारी बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। ब्राह्मणों के मोहल्ले में गली के धंस जाने और कटाव के चलते कई मकानों पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। स्थिति यह है कि विधवा सुनहरी देवी के मकान की नींव तक मिट्टी खिसक चुकी है जिससे मकान गिरने का खतरा पैदा हो गया है। इसके साथ ही मोहल्ले का आने-जाने का रास्ता भी पूरी तरह से बंद हो गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन को अवगत कराया गया था लेकिन कर्मचारियों ने लीपा-पोती करके मामले को टाल दिया। अब दोबारा हुई तेज बारिश ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई की जाती तो मकान और गली इतनी खतरनाक स्थिति में न पहुंचते। कुछ समय पहले इस गली में पाइप लाइन डाली गई थी। पाइप डालने के बाद गली को सही तरीके से दुरुस्त नहीं किया गया। नतीजा यह हुआ कि बारिश के पानी के बहाव में मिट्टी बह गई और गहरी खाई बन गई। इससे मकानों की नींव तक खतरा पहुंच गया है।
पीड़ित सुनहरी देवी, लक्ष्मण शर्मा और अजय कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि गली का तुरंत पक्का निर्माण करवाया जाए। उनका कहना है कि अगर मकान गिरने से जान-माल का नुकसान हुआ तो इसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारी और कर्मचारी होंगे। इस बारे में गांव के सरपंच प्रतिनिधि गणपत सिंह का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों को गली में रोड़े डालने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इस कार्य को पक्का करवाया जाएगा।