बवानीखेड़ा। कस्बे में एक वेल्डिंग की दुकान से चोरी करके चोर ने सामान कबाड़ी को बेच डाला। वहीं, दूसरे मामले में बड़सी गुजरान के खेत से किसान की सोलर मोटर चोरी हो गई।
कस्बा निवासी प्रवीण ने बताया कि उसकी कस्बा के हांसी चुंगी पर वेल्डिंग की दुकान है। मंगलवार रात आठ बजे वह दुकान को बंद करके घर गया था। सुबह दुकान पर आकर देखा तो दुकान से 12 पार्ट गाड़ी के रिम जिसका एक पार्ट 25 किलो के करीबन, एक जनरेटर की बैटरी, एक लोहे की पीटीओ की सॉफ्ट गायब थे। चोरी किए गए सामान की कीमत लगभग 30 से 35 हजार रुपये है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने कस्बा के एक कबाड़ी की दुकान पर उसके चोरी सामान को देखने की सूचना मिली। मौके पर जाकर देखा तो उसका सामान वही मिला। कबाड़ी ने स्वीकार किया कि उसे कस्बा का ही कोई लड़का बेचकर गया है। लेकिन वह उसे नाम से नहीं जानता। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत पुलिस में दी।
दूसरा मामला गांव बड़सी गुजरान का है। किसान रामनारायण ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसने खेतों में फसलों की सिचाई के लिए सोलर प्लेटें लगाई हुई हैं। इससे सोलर पंप की मोटर से पानी की सिंचाई करता है। मंगलवार को उसने खेत में जाकर देखा तो उसकी मोटर नहीं थी। मोटर चोरी करने वालों के पैरों के निशान थे। किसान की लिखित शिकायत पर जांच अधिकारी उप निरीक्षक प्रेम कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।