भिवानी। शहर में नगर परिषद द्वारा आवारा कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण का कार्य जारी है। नगर परिषद प्रशासन ने शहर में आवारा कुत्तों द्वारा काटे जाने के संभावित क्षेत्रों से मिली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया। अब तक शहर में 236 आवारा कुत्तों को पकड़ा गया जिनमें से 231 का बधियाकरण और टीकाकरण किया जा चुका है जबकि 191 को उसी स्थान पर छोड़ दिया गया।
इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि में सर्वोच्च न्यायालय ने हाल ही में आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण और उनके टीकाकरण के लिए प्रदेश सरकारों को जरूरी निर्देश दिए थे। इसके बाद हरियाणा सरकार ने सभी जिला प्रशासन को इस मामले में आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देश पर नगर परिषद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। आवारा कुत्तों को पकड़ कर उनके बधियाकरण और टीकाकरण के लिए टेंडर जारी किया गया। भिवानी शहरी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या का सर्वे कर लगभग 2,500 से 3,000 आवारा कुत्ते होने का अनुमान लगाया गया।
जिला नगर आयुक्त गुलजार मलिक ने बताया कि सबसे पहले उन क्षेत्रों के आवारा कुत्तों को पकड़ने का कार्य किया जा रहा है जहां सबसे ज्यादा लोगों को कुत्तों द्वारा काटने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसके बाद नोडल अधिकारियों द्वारा बताए गए अन्य क्षेत्रों में भी आवारा कुत्तों का बधियाकरण और टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फर्म को बधियाकरण और टीकाकरण के संचालन संबंधी सभी जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं जबकि नगर परिषद प्रशासन इस पूरे कार्य की निगरानी कर रहा है।