बवानीखेड़ा। क्षेत्र के आदर्श महाग्राम बलियाली निवासी 43 वर्षीय मदनलाल की रविवार को मच्छरौली गांव से बिहोली जाते समय बाइक के सामने अचानक नीलगाय आने से टक्कर हो गई जिसमें उसकी मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार के सिर पर गंभीर चोट आई जिसके कारण चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बवानीखेड़ा थाने के जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मदनलाल अपने परिवार के साथ पिछले आठ माह से मच्छरौली गांव में मेहनत-मजदूरी कर रहा था। रविवार को किसी काम से वह अपनी बाइक पर मच्छरौली से बिहोली जा रहा था। सती माता के पास सड़क पर अचानक नीलगाय आने से टक्कर हो गई। राहगीरों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इत्तफाकिया मौत मामले के तहत कार्रवाई की है।