समाधान शिविर में शिकायतें सुनते उपायुक्त महावीर कौशिक।
भिवानी। डीसी महावीर कौशिक ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पेयजल पाइप लाइन लीकेज की शिकायतों का तुरंत प्रभाव से समाधान करें। ताकि नागरिकों को पीने के लिए स्वच्छ पेयजल मिले। बारिश के मौसम के दौरान पाइप लाइन लीकेज की समस्या नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की पात्र लोगों को पेंशन संबंधी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करें।
डीसी सोमवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्या सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को ये भी निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति के समय के बारे में क्षेत्र वासियों को जानकारी होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश जलापूर्ति के समय में बदलाव होता है तो उस क्षेत्र के लोगों को उसकी जानकारी होनी चाहिए, ताकि नागरिक जल आपूर्ति के समय पानी स्टोर कर सकें।
इसके साथ उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान करने के बाद उसे पोर्टल पर अपडेट जरूर करें। इस दौरान सीटीएम अनिल कुमार, तहसीलदार सुरेश कुमार, एलडीएम विभूति पांडे, यातायात प्रबंधक भरत परमार, कार्यकारी अभियंता संभव जैन, गैर सरकारी सदस्य नंदराम धानिया और रामकिशन हलवासिया अधिकारी मौजूद रहे।